गंभीर बीमारी से जूझ रही छात्रा के इलाज को मिला सहयोग, रिम्स में होगा ऑपरेशन
पश्चिमी सिंहभूम, 31 जुलाई । पश्चिमी सिंहभूम जिले के संत जेवियर बालिका विद्यालय की छात्रा स्नेहा कच्छप के इलाज के लिए समाजसेवियों और प्रशासन ने मदद का हाथ बढ़ाया है। लंबे समय से गंभीर बीमारी से जूझ रही स्नेहा का अब रांची स्थित राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) में ऑपरेशन कराया जाएगा। आर्थिक रूप से कमजोर परिवार के लिए यह सहयोग बड़ी राहत लेकर आया है।
खुंटपानी प्रखंड प्रमुख एवं समाजसेवी सिद्धार्थ होनहागा ने शुक्रवार को बताया कि विद्यालय की शिक्षिकाओं और छात्रा के परिजनों से जानकारी मिलने के बाद उन्होंने स्नेहा को सदर अस्पताल, चाईबासा के अधीक्षक डॉ. शिवचरण हांसदा से मिलवाया। जांच के बाद डॉ. हांसदा ने मामले की गंभीरता को देखते हुए रिम्स के सर्जन डॉ. बेसरा से संपर्क किया, जिसके बाद छात्रा के ऑपरेशन के लिए मंगलवार का समय निर्धारित किया गया।
जानकारी के अनुसार, बचपन में शरीर में बना एक छोटा ट्यूमर समय के साथ बड़ा हो गया है। चिकित्सकों के अनुसार अब शल्य चिकित्सा आवश्यक है और समय पर ऑपरेशन नहीं होने पर उसकी स्थिति और गंभीर हो सकती है।
सिद्धार्थ होनहागा ने बताया कि छात्रा के उपचार में जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) की अलकामा रुही भी सहयोग कर रही हैं। उनकी टीम मंगलवार को स्नेहा कच्छप को रांची स्थित रिम्स लेकर जाएगी, जहां उसका ऑपरेशन कराया जाएगा।
उन्होंने कहा कि छात्रा का परिवार अत्यंत गरीब है। उपचार के दौरान आवश्यकता पड़ने पर सामाजिक सहयोग की भी जरूरत हो सकती है।
सिद्धार्थ ने लोगों से स्नेहा के सफल ऑपरेशन और शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करने की अपील करते हुए कहा कि उनकी टीम जरूरतमंद और असहाय लोगों की हरसंभव सहायता के लिए हमेशा प्रतिबद्ध है।
————–