गांजा के साथ एक तस्कर गिरफ्तार
पूर्वी सिंहभूम, 16 जुलाई ।
पूर्वी सिंहभूम जिले की जादूगोड़ा थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान चलाते हुए एक गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपित के कब्जे से 452 ग्राम गांजा, एक मोटरसाइकिल और एक स्मार्टफोन बरामद किया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
ग्रामीण एसपी शुभम खंडेलवाल ने गुरुवार को आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि बुधवार की शाम पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि स्वांसपुर गांव के पास पुराना राखा माइंस जाने वाले मार्ग पर एक युवक मोटरसाइकिल से घूम-घूमकर अवैध रूप से गांजे की बिक्री कर रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जादूगोड़ा थाना में सनहा दर्ज किया गया और वरीय अधिकारियों को इसकी जानकारी दी गई। इसके बाद डीएसपी मुसाबनी के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया।
पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर पहुंचकर घेराबंदी की। इस दौरान स्वांसपुर गांव निवासी नागेन भकत एक मोटरसाइकिल पर संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोककर तलाशी ली तो उसके पास मौजूद काले प्लास्टिक के पैकेट से लगभग 452 ग्राम गांजा बरामद हुआ। मौके पर ही गांजा जब्त कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (संख्या- JH05DK-6337) और एक स्मार्टफोन भी जब्त किया। पूछताछ के बाद आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
ग्रामीण एसपी ने बताया कि पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपित गांजा कहां से लाता था और किन-किन इलाकों में इसकी आपूर्ति करता था। मामले से जुड़े अन्य लोगों की भी जांच की जा रही है।
इस कार्रवाई में डीएसपी रोहित कुमार रजवार, जादूगोड़ा थाना प्रभारी ईश्वर दयाल मुंडा, एएसआई मो. मुस्ताक अंसारी, आरक्षी नरेश उरांव तथा आरक्षी प्रवीण कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।