News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Haryana

फतेहाबाद : फर्जी प्लॉट एग्रीमेंट बनाकर लाखाें की धोखाधड़ी का आरोपी गिरफ्तार

फतेहाबाद, 19 जुलाई । फर्जी प्लॉट एग्रीमेंट तैयार कर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में फतेहाबाद पुलिस की इकोनॉमिक सेल ने हिसार से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम ने इस मामले में शामिल एक अन्य आरोपी जगमोहन अग्रवाल निवासी चंदन नगर, बालसमंद रोड, हिसार को गिरफ्तार कर लिया है। इस चर्चित मामले में मुख्य आरोपी को पुलिस पहले ही सलाखों के पीछे भेज चुकी है। रविवार को इकोनॉमिक सेल फतेहाबाद के प्रभारी निरीक्षक जसवंत सिंह ने बताया कि गांव भिरड़ाना निवासी संत कुमार ने पुलिस को शिकायत दी थी। शिकायत के मुताबिक, वर्ष 2021 में कुछ प्रॉपर्टी डीलरों ने उसे एक प्लॉट दिखाने के बाद सौदा तय किया था। इसके बाद आरोपियों ने एक फर्जी इकरारनामा तैयार कर संत कुमार से आठ लाख 28 हजार 855 रुपये की मोटी रकम हड़प ली। पीडि़त को ठगी का अहसास तब हुआ जब मामले की अंदरूनी जांच की गई। जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि जिस महिला के नाम पर वह प्लॉट था और जिसके नाम से इकरारनामा तैयार किया गया था, उसने न तो कभी कोई प्लॉट बेचने का सौदा किया था और न ही उस दस्तावेज पर अपने हस्ताक्षर किए थे। आरोपियों ने महिला के जाली दस्तखत कर पूरा फर्जीवाड़ा रचा था। निरीक्षक जसवंत सिंह ने बताया कि इस बड़ी धोखाधड़ी के संबंध में थाना सदर फतेहाबाद में 2 मई 2025 को धोखाधड़ी, अमानत में खयानत, फर्जी दस्तावेज तैयार करना और इस्तेमाल करना व आपराधिक साजिश रचने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया था। मामले की जांच के दौरान तकनीकी और दस्तावेजी साक्ष्यों के आधार पर हिसार निवासी जगमोहन अग्रवाल की इस धोखाधड़ी में सीधी संलिप्तता सामने आई, जिसके बाद पुलिस टीम ने उसे काबू कर लिया। इकोनॉमिक सेल के अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से पूछताछ कर इस रैकेट के अन्य पहलुओं और अन्य संभावित पीडि़तों के बारे में भी गहनता से जांच की जा रही है।

Leave a Reply