News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Uttarakhand

सपलोड़ी आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों की स्वास्थ्य जांच, स्वच्छता और पोषण का दिया संदेश

पौड़ी गढ़वाल, 27 जुलाई । राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) के तहत पाबौ विकासखंड के आंगनबाड़ी केंद्र सपलोड़ी में बच्चों के स्वास्थ्य परीक्षण एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बच्चों की स्वास्थ्य जांच के साथ अभिभावकों को स्वच्छता, संतुलित आहार और बरसात के मौसम में होने वाली बीमारियों से बचाव के प्रति जागरूक किया गया।

स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सात बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उनका वजन और लंबाई मापी तथा उनके शारीरिक विकास का आकलन किया। चिकित्सकों ने अभिभावकों को बताया कि बरसात के मौसम में बच्चों की सेहत का विशेष ध्यान रखना आवश्यक है। उन्होंने स्वच्छ एवं पौष्टिक भोजन, साफ पेयजल के उपयोग और व्यक्तिगत स्वच्छता अपनाने पर जोर देते हुए डायरिया समेत अन्य मौसमी बीमारियों से बचाव के उपाय बताए।

चिकित्सकों ने कहा कि यदि बच्चों में बुखार, दस्त, उल्टी या अन्य किसी बीमारी के शुरुआती लक्षण दिखाई दें तो बिना देरी किए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकीय परामर्श अवश्य लें। उन्होंने नियमित स्वास्थ्य परीक्षण और संतुलित पोषण को बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए जरूरी बताया।

कार्यक्रम में बाल विकास परियोजना अधिकारी चंद्रकांता काला, आरबीएसके के चिकित्सक डॉ. संजय उनियाल, एएनएम सुनीता बहुगुणा, फार्मासिस्ट रेखा रावत, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता कुसुम, सहायिका एवं बच्चों के अभिभावक मौजूद रहे।

Leave a Reply