News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Uttarakhand

हरिद्वार के ऋषिकुल मैदान में बनेगा ‘मदन मोहन मालवीय प्राच्य शोध संस्थान’

हरिद्वार, 25 जून उत्तराखंड सरकार ‘मदन मोहन मालवीय प्राच्य शोध संस्थान’ की स्थापना हरिद्वार स्थित ऋषिकुल मैदान में करेगी। यह संस्थान भारतीय ज्ञान परंपरा, संस्कृति, योग, ज्योतिष, वास्तुशास्त्र और अन्य प्राच्य विद्याओं के संरक्षण, संवर्धन तथा शोध का प्रमुख केंद्र बनेगा।

गुरुवार को मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु ने प्रदेश सरकार की महत्वपूर्ण योजनाओं में शामिल इस याेजना से संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ ऋषिकुल मैदान का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने प्रस्तावित परियोजना के लिए उपलब्ध भूमि, आधारभूत सुविधाओं एवं आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके बाद हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण (एचआरडीए) के सभागार में आयोजित बैठक में परियोजना की विस्तृत रूपरेखा पर चर्चा करते हुए निर्माण कार्यों की समीक्षा की।

बैठक में भूमि संबंधी विषयों, मूर्ति स्थापना, चारदीवारी निर्माण, मंच, पार्किंग तथा अन्य आधारभूत संरचनाओं के विकास पर विचार-विमर्श किया गया। प्रमुख सचिव ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए परियोजना को शीघ्र धरातल पर उतारने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर अपनी-अपनी कार्ययोजनाएं प्रस्तुत करने को कहा।

परियोजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए शासन स्तर पर सचिव पर्यटन धीराज सिंह गर्ब्याल को नोडल अधिकारी तथा जिला स्तर पर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित को नोडल अधिकारी नामित किया गया है।

आर.के. सुधांशु ने कहा कि प्रस्तावित शोध संस्थान भारतीय संस्कृति और प्राचीन ज्ञान-विज्ञान के संरक्षण एवं शोध के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगा। संस्थान में योग, ज्योतिष, वैदिक अध्ययन, दर्शन, भारतीय कला और अन्य प्राच्य विद्याओं से जुड़े अध्ययन, अनुसंधान एवं प्रशिक्षण की आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इससे भारतीय ज्ञान परंपरा को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी।

बैठक के दौरान शोध संस्थान की कार्ययोजना का पावर प्वाइंट प्रस्तुतीकरण भी किया गया।

इस अवसर पर सचिव पर्यटन धीराज सिंह गर्ब्याल, सचिव आयुष रंजना राजगुरु, महानिदेशक संस्कृति एवं भाषा युगल किशोर पंत, कुंभ मेलाधिकारी सोनिका, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, एचआरडीए सचिव प्रत्यूष सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट हर गिरी, जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. स्वास्तिक, जिला पर्यटन अधिकारी सुशील नौटियाल सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply