स्वस्थ शरीर, स्वच्छ पर्यावरण और जागरूक समाज, आईटीबीपी का संदेश
चंपावत, 07 जून । फिट इंडिया अभियान को जन-जन तक पहुंचाने और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 36वीं वाहिनी भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल (आईटीबीपी) परिसर में रविवार को विशेष फिटनेस कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
“संडे ऑन साइकिलिंग” अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में साइकिल रैली के साथ रन एंड वॉक गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिसमें हिमवीरों ने पूरे उत्साह और ऊर्जा के साथ भागीदारी की।
36वीं वाहिनी के सेनानी संजय कुमार के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नियमित शारीरिक गतिविधियों को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना तथा लोगों को स्वस्थ और सक्रिय जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों और जवानों ने साइकिल चलाकर तथा पैदल चलकर फिटनेस के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित की।
अधिकारियों ने कहा कि बदलती जीवनशैली और बढ़ते स्वास्थ्य संबंधी जोखिमों के बीच नियमित व्यायाम, पैदल चलना और साइकिलिंग जैसी गतिविधियां बेहतर स्वास्थ्य के लिए बेहद जरूरी हैं। इसके साथ ही हर रविवार निजी वाहनों के बजाय साइकिल या पैदल चलने की आदत विकसित कर ईंधन की बचत और पर्यावरण संरक्षण में भी योगदान दिया जा सकता है।
कार्यक्रम के माध्यम से स्थानीय लोगों को भी स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, शारीरिक रूप से सक्रिय रहने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया। आईटीबीपी के जवानों ने फिटनेस और पर्यावरण सुरक्षा को एक साथ जोड़ते हुए समाज को सकारात्मक संदेश देने का प्रयास किया।
इस अवसर पर सेनानी संजय कुमार के साथ द्वितीय कमान अधिकारी गौरव कुमार, सहायक सेनानी अनिल कुमार, डॉ. शेरा खान, सूबेदार मेजर दिनेश सिंह बिष्ट सहित वाहिनी के अन्य अधिकारी और बड़ी संख्या में हिमवीर उपस्थित रहे।
आईटीबीपी द्वारा आयोजित यह पहल न केवल फिट इंडिया अभियान को मजबूती देने वाली रही, बल्कि स्वस्थ शरीर, स्वस्थ समाज और स्वच्छ पर्यावरण के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी का भी प्रभावी संदेश देकर गई।