मप्र में सेफ क्लिक 2.0 अभियान का शुभारंभ बुधवार को, मुख्य्मंत्री करेंगे साइबर जागरूकता रथ का फ्लैग ऑफ
भोपाल, 23 जून । डिजिटल युग में नागरिकों को साइबर अपराधों से सुरक्षित रखने तथा सुरक्षित एवं जिम्मेदार डिजिटल व्यवहार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मध्य प्रदेश पुलिस द्वारा संचालित राज्यव्यापी “सेफ क्लिक 2.0” साइबर जागरूकता अभियान का शुभारंभ बुधवार, 24 जून को होगा।
पुलिस मुख्यालय द्वारा मंगलवार को जानकारी दी गई कि मध्य प्रदेश पुलिस के इस विशेष अभियान का उद्देश्य आमजन, विद्यार्थियों, युवाओं, महिलाओं तथा वरिष्ठ नागरिकों को साइबर ठगी, ऑनलाइन धोखाधड़ी और डिजिटल सुरक्षा से संबंधित विषयों के प्रति जागरूक करना है, ताकि नागरिक सुरक्षित साइबर व्यवहार अपनाकर स्वयं एवं समाज को साइबर अपराधों से सुरक्षित रख सकें।
बताया गया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य एवं पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा की उपस्थिति में मंगलवार शाम रविन्द्र भवन भोपाल में आयोजित अभियान के शुभारंभ कार्यक्रम में साइबर जागरूकता रथ का फ्लैग ऑफ किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान साइबर सुरक्षा एवं बाल संरक्षण के क्षेत्र में सहयोग को सुदृढ़ करने के लिए इंडिया चाइल्ड प्रोटेक्शन के साथ एक महत्वपूर्ण एमओयू पर हस्ताक्षर किए जाएंगे।
विद्यार्थियों में साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता विकसित करने के उद्देश्य से तैयार की गई विशेष साइबर जागरूकता बुकलेट का भी विमोचन किया जाएगा, जिसका उपयोग प्रदेश के स्कूलों में जागरूकता गतिविधियों के लिए किया जाएगा। इस अवसर पर “सेफ क्लिक 2.0” अभियान के विशेष वीडियो का अनावरण भी किया जाएगा, जिसके माध्यम से नागरिकों को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार, साइबर ठगी से बचाव एवं सतर्कता संबंधी महत्वपूर्ण संदेश दिए जाएंगे।
समारोह के अंतर्गत मुख्यमंत्री के समक्ष साइबर सुरक्षा विषय पर आधारित एक नुक्कड़ नाटक का प्रदर्शन भी किया जाएगा, जो जनसामान्य को सरल एवं प्रभावी माध्यम से साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करेगा। इसके अतिरिक्त, प्रदेश के विभिन्न जिलों में व्यापक जनजागरूकता गतिविधियों के संचालन हेतु तैयार साइबर जागरूकता रथ को मुख्यमंत्री द्वारा फ्लैग ऑफ किया जाएगा। यह रथ प्रदेशभर में भ्रमण कर नागरिकों तक साइबर सुरक्षा संबंधी संदेश पहुंचाएगा।