तोरपा में अपराध नियंत्रण को लेकर एसडीपीओ ने की समीक्षा बैठक, पुराने मामलों के त्वरित निष्पादन के निर्देश
खूंटी, 06 जून । खूंटी जिले के तोरपा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) विजय कुमार सिंह ने शनिवार को अपने कार्यालय में अपराध समीक्षा बैठक आयोजित कर क्षेत्र की विधि-व्यवस्था एवं अपराध नियंत्रण से जुड़े मामलों की विस्तृत समीक्षा की।
बैठक में विभिन्न थाना क्षेत्रों में दर्ज पुराने मामलों की प्रगति, लंबित कांडों के निष्पादन तथा अपराधियों पर निगरानी जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई। एसडीपीओ ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिया कि पुराने मामलों का शीघ्र निपटारा सुनिश्चित किया जाए और अनुसंधान कार्य में तेजी लाई जाए।
उन्होंने विशेष रूप से जेल से जमानत पर बाहर आए अपराधियों की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने और संदिग्ध व्यक्तियों की नियमित निगरानी करने पर जोर दिया। साथ ही क्षेत्र में गश्ती व्यवस्था को और मजबूत करने, वारंटियों की गिरफ्तारी में तेजी लाने तथा अपराध रोकथाम के लिए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, आम जनता की शिकायतों के त्वरित समाधान और पुलिस-जन सहयोग को मजबूत करने पर भी विस्तार से चर्चा हुई।
एसडीपीओ ने कहा कि अपराध नियंत्रण और नागरिकों की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में पुलिस निरीक्षक अशोक कुमार सिंह, तोरपा थाना प्रभारी मनीष कुमार, कर्रा थाना प्रभारी राजू कुमार, जरियागढ़ थाना प्रभारी बीरेन्द्र कुमार, रनिया थाना प्रभारी श्यामल कुम्भकार तथा तपकरा थाना प्रभारी सौरभ कुमार सहित अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित थे।————