गुरुग्राम नगर निगम तीन माह में प्रॉपर्टी टैक्स के 168 करोड़ से हुआ मालामाल
गुरुग्राम, 30 जून । प्रॉपर्टी टैक्स पर दी जा रही एकमुश्त ब्याज माफी तथा चालू वित्त वर्ष के प्रॉपर्टी टैक्स पर 10 प्रतिशत की विशेष छूट का लाभ उठाने के लिए मंगलवार को अंतिम दिन नगर निगम गुरुग्राम के सभी कार्यालयों में खूब भीड़ रही। चालू वित्त वर्ष की प्रथम तिमाही में नागरिकों ने 168 करोड़ रुपए का प्रॉपर्टी टैक्स नगर निगम के खजाने में जमा कराया, जो नागरिकों की जागरूकता और नगर निगम पर उनके विश्वास को दर्शाता है।
मंगलवार सुबह से ही बड़ी संख्या में प्रॉपर्टी मालिक निगम कार्यालयों के नागरिक सुविधा केंद्रों पर पहुंचकर अपना प्रॉपर्टी टैक्स जमा कराते रहे। सरकार की इस जनहितकारी योजना को नागरिकों का भरपूर सहयोग मिला। नगर निगम गुरुग्राम ने अंतिम दिनों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए सभी कार्यालयों में विशेष व्यवस्थाएं की थीं। महिलाओं एवं वरिष्ठ नागरिकों के लिए अलग काउंटर बनाए गए, जबकि टैक्स शाखा के अधिकारी एवं कर्मचारी बिना अवकाश लगातार कार्य करते रहे। इसके साथ ही प्रॉपर्टी टैक्स डाटा सुधार, स्वामित्व संबंधी त्रुटियों तथा अन्य शिकायतों का भी मौके पर समाधान किया गया, जिससे नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा।
मेयर राजरानी मल्होत्रा ने कहा कि शहर के समग्र विकास में नागरिकों की सहभागिता अत्यंत महत्वपूर्ण है। समय पर प्रॉपर्टी टैक्स का भुगतान न केवल प्रत्येक नागरिक का दायित्व है, बल्कि इससे शहर के विकास कार्यों को भी नई गति मिलती है। उन्होंने सभी नागरिकों के सहयोग के लिए धन्यवाद देते हुए कहा कि नगर निगम भविष्य में भी जनहित में इसी प्रकार की नागरिक-केंद्रित पहल करता रहेगा। नगर निगम गुरुग्राम के आयुक्त प्रदीप दहिया ने कहा कि हरियाणा सरकार द्वारा दी गई ब्याज माफी और टैक्स छूट योजना का नागरिकों ने उत्साहपूर्वक लाभ उठाया है।