News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Chhattisgarh

बलरामपुर : खाद दुकानों पर प्रशासन की सख्ती

बलरामपुर, 06 जून । खरीफ सीजन से पहले किसानों को गुणवत्तापूर्ण खाद और बीज उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन ने उर्वरक विक्रेताओं के खिलाफ सख्त अभियान शुरू किया है। कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देश पर राजस्व और कृषि विभाग की संयुक्त टीम ने जिलेभर में खाद दुकानों का सघन निरीक्षण किया।

अभियान के तहत सभी विकासखंडों में कुल 38 उर्वरक दुकानों की जांच की गई। निरीक्षण के दौरान खाद के भंडारण, स्टॉक रजिस्टर, विक्रय अभिलेख, मूल्य सूची प्रदर्शन, लाइसेंस और उर्वरक नियंत्रण आदेश के नियमों के पालन की पड़ताल की गई।

जांच में कई दुकानों में अभिलेख संधारण और अन्य आवश्यक प्रावधानों में अनियमितताएं सामने आईं। इसके बाद 6 खाद दुकानों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। वहीं एक दुकान पर खाद विक्रय पर प्रतिबंध लगाया गया है, जबकि एक अन्य दुकान के लाइसेंस को निरस्त करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

प्रशासन का कहना है कि किसानों के हितों की सुरक्षा और उन्हें निर्धारित दर पर गुणवत्तापूर्ण कृषि आदान उपलब्ध कराने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा। कालाबाजारी, अवैध भंडारण या नियमों के उल्लंघन की शिकायत मिलने पर संबंधित विक्रेताओं के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply