News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Haryana

फतेहाबाद : टोहाना सदर थाने का एसआई विजिलेंस के जाल में फंसा, 35 हजार लेते गिरफ्तार

फतेहाबाद, 22 जून । एंटी करप्शन ब्यूरो जींद की टीम ने सोमवार को फतेहाबाद जिले के टोहाना सदर थाना में तैनात सब इंस्पेक्टर महेंद्र सिंह को 35 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। एसीबी ने आरोपी सब इंस्पेक्टर के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है।बस स्टैंड टोहाना के पूर्व फ्लाइंग इंचार्ज रमेश ने बताया कि करीब 6 महीने पहले उन्होंने बस अड्डे से गांव नांगला के रहने वाले राकेश कुमार को किसी अन्य व्यक्ति के नाम पर बने रोडवेज पास पर अपनी फोटो लगाकर यात्रा करते हुए फर्जी पास के साथ पकड़ा था। इस धोखाधड़ी की शिकायत फ्लाइंग द्वारा रोडवेज जीएम फतेहाबाद के माध्यम से पुलिस अधीक्षक फतेहाबाद को भेजी गई थी। एसपी कार्यालय से यह शिकायत आगामी कानूनी कार्रवाई के लिए सदर थाना टोहाना में तैनात जांच अधिकारी एसआई महेंद्र सिंह के पास पहुंची थी। इसी मामले को रफा-दफा करने और आरोपी पर सख्त कार्रवाई न करने की एवज में सब इंस्पेक्टर महेंद्र सिंह पिछले कई दिनों से शिकायतकर्ता पर मोटी रकम देने का दबाव बना रहा था। इस मामले में गांव नांगला निवासी राहुल ने एसीबी को शिकायत दर्ज करवाई थी कि एसआई महेंद्र सिंह इस मामले में उसके पक्ष में कार्रवाई करने और मदद के बदले 72 हजार रुपए की रिश्वत मांग रहा है। काफी मिन्नतें करने के बाद पहली किश्त के रूप में 35 हजार रुपए देने पर सहमति बनी। शिकायत मिलते ही एसीबी इंस्पेक्टर विजेंद्र के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। योजना के मुताबिक, एसीबी टीम ने 500-500 रुपए के 70 नोटों कुल 35 हजार रुपए पर विशेष केमिकल लगाकर शिकायतकर्ता राहुल को दे दिए। सोमवार शाम जैसे ही राहुल ने सदर थाना में जाकर एसआई महेंद्र सिंह को रिश्वत के रुपए सौंपे, वैसे ही इशारा मिलते ही पहले से जाल बिछाकर खड़ी एसीबी की टीम ने दबिश दे दी और आरोपी सब इंस्पेक्टर को मौके पर ही दबोच लिया।एसीबी की टीम ने जब आरोपी सब इंस्पेक्टर महेंद्र सिंह की तलाशी ली, तो उसके कब्जे से रिश्वत के पूरे 35 हजार रुपए बरामद हो गए। इसके बाद जब टीम ने ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में आरोपी के हाथ धुलवाए, तो केमिकल के रिएक्शन के कारण पानी का रंग तुरंत लाल हो गया।

Leave a Reply