ममता को समर्पित विशेष उत्सव : हिम अकादमी में मदर्स डे की धूम
हमीरपुर, 08 मई । हिम अकादमी पब्लिक स्कूल विकास नगर में मदर्स डे के उपलक्ष्य पर विशेष कार्यक्रमों का आयोजन बड़े उत्साह और हर्षोल्लास के साथ किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर माताओं के प्रति प्रेम, सम्मान और कृतज्ञता की भावनाओं से सराबोर नजर आया। विद्यार्थियों ने विभिन्न रचनात्मक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से अपनी माताओं के प्रति स्नेह व्यक्त किया।
कार्यक्रम के अंतर्गत बालवाटिका प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय के नन्हें विद्यार्थियों ने रंग भरो गतिविधि में बढ़-चढ़कर भाग लिया। बच्चों ने सुंदर रंगों के माध्यम से अपनी भावनाओं को अभिव्यक्त किया। साथ ही नन्हें विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत मनमोहक नृत्य ने सभी का मन मोह लिया। कक्षा प्रथम एवं द्वितीय के विद्यार्थियों ने अपनी माताओं के लिए आकर्षक एवं भावनात्मक कार्ड तैयार किए, जिनमें बच्चों का प्रेम और अपनापन साफ झलक रहा था। वहीं कक्षा तृतीय के विद्यार्थियों द्वारा भावपूर्ण कविता पाठ प्रस्तुत किया गया, जिसमें माँ के त्याग, स्नेह और महत्व को सुंदर शब्दों में व्यक्त किया गया।
कक्षा चतुर्थ के विद्यार्थियों ने थीमेटिक सॉन्ग प्रस्तुत कर वातावरण को भावनात्मक बना दिया, जबकि कक्षा तृतीय एवं चतुर्थ के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत थीमेटिक डांस कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित सभी को भावुक और आनंदित कर दिया।
विद्यालय प्रशासन ने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियाँ बच्चों में अपनी माताओं के प्रति प्रेम, आदर और कृतज्ञता की भावना को प्रोत्साहित करती हैं। साथ ही विद्यार्थियों के आत्मविश्वास, रचनात्मकता और व्यक्तित्व विकास में भी सहायक सिद्ध होती हैं।
विद्यालय प्रधानाचार्य ने सभी विद्यार्थियों और शिक्षकों की सराहना करते हुए कहा कि मातृत्व संसार का सबसे अनमोल उपहार है तथा ऐसे आयोजन बच्चों को पारिवारिक मूल्यों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।