News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Himachal Pradesh

नगरोटा में क्लिनिक की आड़ में चल रहा था प्रतिबंधित दवाएं बेचने का धंधा, छापेमारी में 1268 प्रतिबंधित टेबलेट बरामद, आरोपी गिरफ्तार

धर्मशाला, 08 मई । जिला कांगड़ा पुलिस द्वारा नशे एवं प्रतिबंधित दवाइयों के अवैध कारोबार के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत नगरोटा बगवां पुलिस थाना के तहत एक निजी क्लिनिक में छापेमारी के दौरान प्रतिबंधित दवाओं की बड़ी खेप पकड़ी गई है। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर आगामी कार्रवाई की है।

एसपी कांगड़ा अशोक रत्न ने बताया कि पुलिस की टीम कछियारी में थी तो सूचना मिली कि 53 मील से योल मार्ग पर स्थित आशु स्किन एंड ऑर्थो क्लिनिक में भारी मात्रा में प्रतिबंधित दवाइयां अवैध रूप से रखकर खुलेआम बेची जा रही हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम द्वारा तुरंत कार्रवाई करते हुए नियमानुसार दबिश दी गई।

कार्रवाई के दौरान स्वतंत्र गवाहों एवं ड्रग इंस्पेक्टर की मौजूदगी में क्लिनिक की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान आरोपी अनिल कुमार पुत्र हरवंश लाल निवासी गांव व डाकघर बरहमपुर, तहसील व जिला गुरदासपुर, पंजाब, उम्र 43 वर्ष के कब्जे से भारी मात्रा में प्रतिबंधित दवाइयां बरामद की गईं, जिनमें 300 कैप्सूल ट्रमाडोल, 900 टैबलेट क्लोनाज़ेपम तथा 68 टैबलेट अल्प्राजोलम की बरामद हुईं। आरोपी उपरोक्त प्रतिबंधित दवाइयों को रखने एवं बेचने संबंधी कोई वैध लाइसेंस अथवा दस्तावेज पुलिस के समक्ष प्रस्तुत नहीं कर सका।

पुलिस द्वारा बरामद प्रतिबंधित दवाइयों को नियमानुसार कब्जा पुलिस में लेकर आरोपी को मौके पर गिरफ्तार किया गया। इस संबंध में पुलिस थाना नगरोटा बगवां में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्यवाही नियमानुसार प्रगति पर है ।

Leave a Reply