महोबा में दर्दनाक सड़क हादसा,दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में तीन की मौत, तीन घायल
महोबा, 05 मई । यूपी के महोबा जनपद में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। जहां दो बाइकों की आमने-सामने भीषण भिड़ंत में तीन लोगों की मौत हो गई जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया है। बताया जा रहा है कि बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे, जिससे उनके सिर पर गंभीर चोटें आईं और तीन की जान चली गई।
जिले की कुलपहाड़ कोतवाली क्षेत्र के गांव सुगिरा निवासी उमेश (30) सोमवार की देर शाम अपने भाई साजन (28) व चाचा बाबू बाल्मीकि (45) के साथ बाइक से अपने भांजे संदीप के मंडप कार्यक्रम में शामिल होने के लिए कस्बा बेलाताल जा रहा था। रास्ते में मिशन स्कूल कुलपहाड़ के पास सामने से आ रही दूसरी बाइक से जोरदार भिड़ंत हो गई। बताया जा रहा है कि बाईकें बहुत तेज गति से चल रहीं थीं भीषण भिड़ंत के बाद दोनों बाइकों में सवार छह लोग सड़क पर गिर गए।
राहगीरों ने पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी । सभी घायलों को सीएचसी कुलपहाड़ पहुंचाया गया। जहां हालत नाजुक होने पर डॉक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में एक बाइक में सवार उमेश की मौत हो गई जबकि दूसरी बाइक में सवार रामपाल (55) निवासी नैगुवां छतरपुर, उसके साढ़ू भाई बलदाऊ (30) निवासी गुढ़ा, अजनर ने भी दम तोड़ दिया जबकि रामपाल का बेटा चंद्रभान (25) का इलाज चल रहा है। बताया जा रहा है कि दूसरी बाइक में सवार तीनों लोग रिश्तेदारी में आयोजित तिलक समारोह में शामिल होने खरेला कस्बा जा रहे थे। दर्दनाक हादसे से मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया है।
मंगलवार को कुलपहाड़ कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि दुर्घटना के बाद घायलों को तत्काल अस्पताल भेजा गया। मृतकों के परिजनों को सूचना दी गई । दुर्घटना की जांच करा आगे की कार्रवाई की जा रही है।