नीमच में तेज रफ्तार तूफान गाड़ी पलटी, 2 की मौत, 2 मासूम समेत 7 घायल
नीमच, 02 मई । मध्य प्रदेश के नीमच जिले में नीमच-झालावाड़ मार्ग पर शनिवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार तूफान गाड़ी अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में वाहन चालक और एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 2 मासूम बच्चों समेत 7 लोग घायल हो गए। घायलों में एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, मनासा क्षेत्र के सावन कुंड गांव में आयोजित मन्नत कार्यक्रम में शामिल होकर गायरी गुर्जर समाज के लोग भानपुरा के ग्राम अंतरालिया लौट रहे थे। इस दाैरान दोपहर करीब 2 बजे बैंसला घाट के पास पटेल श्री होटल के नजदीक अचानक वाहन बेकाबू होकर पलट गया। वाहन पलटते ही घटनास्थल पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकाला। हादसे में 55 वर्षीय सोहन बाई और 40 वर्षीय चालक भारत चौहान की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना में कुल 7 लोग घायल हुए हैं, जिनमें दो छोटे बच्चे भी शामिल हैं। सभी घायलों को तत्काल रामपुरा के सिविल अस्पताल ले जाया गया। गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति को प्राथमिक उपचार के बाद नीमच जिला अस्पताल रेफर किया गया है, जबकि अन्य का इलाज जारी है।
एंबुलेंस देरी से पहुंचने का आरोप
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसे के बाद एंबुलेंस समय पर नहीं पहुंची, जिससे घायलों को अस्पताल पहुंचाने में परेशानी हुई। स्थानीय लोगों की मदद से राहत कार्य शुरू किया गया। सूचना मिलते ही रामपुरा पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहन को हटवाकर यातायात बहाल कराया। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं।