News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Delhi

इंदौर–खंडवा राजमार्ग परियोजना 88 फीसदी पूरी, इस साल शुरू होगा यातायात

नई दिल्ली, 08 मई । मध्य प्रदेश के बन रहे इंदौर- खंडवा राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजना के तेजाजी नगर–बलवाड़ा खंड पर चार लेन सड़क और तीन सुरंगों का निर्माण 88 प्रतिशत पूरा हो चुका है। सरकार इसे इसी साल यातायात के लिए खोलने की तैयारी में है। इस परियोजना से घाटी क्षेत्रों में यात्रा समय घटकर मात्र एक घंटे रह जाएगा और दुर्घटनाओं में उल्लेखनीय कमी आएगी।

केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने बताया कि इस राष्ट्रीय राजमार्ग पर भेरूघाट (575 मीटर), बैग्राम (480 मीटर) और चोरल घाट (550 मीटर) सुरंगों का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है। इन सुरंगों से घाटी मार्गों के प्रमुख ब्लैक स्पॉट स्थायी रूप से दूर होंगे और यात्रियों को सुरक्षित व सुगम यात्रा का अनुभव मिलेगा।

स्थानीय किसानों और चालकों ने कहा कि पहले मंडियों तक माल पहुंचाना जोखिम भरा था और संकरी दो-लेन सड़क पर हर यात्रा तनावपूर्ण होती थी। अब चौड़ी सड़क और सुरंगों से जाम और दुर्घटनाओं की समस्या दूर होगी। मंत्रालय ने बताया कि इस परियोजना पर 924.44 करोड़ रुपये की लागत आ रही है और इसके पूरा होने पर इंदौर से ओंकारेश्वर की यात्रा समय 2–3 घंटे से घटकर केवल 1 घंटे रह जाएगा।

परियोजना में पर्यावरण और सुरक्षा उपायों पर भी विशेष ध्यान दिया गया है। आधुनिक जल निकासी प्रणाली, क्रैश बैरियर, सड़क सुरक्षा संकेतक, वर्षा जल प्रबंधन और हरित पट्टी के लिए वृक्षारोपण जैसी व्यवस्थाएं की जा रही हैं। मंत्रालय का कहना है कि यह कॉरिडोर न केवल धार्मिक यात्राओं बल्कि व्यापारिक और औद्योगिक गतिविधियों को भी नई गति देगा।

Leave a Reply