कलेक्टर–एसपी ने उसूर ब्लॉक में विकास कार्यों, निर्माण गतिविधियों का किया निरीक्षण
बीजापुर, 08 मई । जिले के कलेक्टर संबित मिश्रा एवं एसपी डॉ. जितेन्द्र यादव ने आज शुक्रवार काे सुदूर और संवेदनशील उसूर ब्लॉक का दौरा कर ग्रामीण इलाकों में संचालित विकास कार्यों और बुनियादी सुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया। भ्रमण के दौरान अधिकारियों ने गांवों में पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
दौरे के दौरान प्रशासनिक टीम ग्राम छुटवाही पहुंची, जहां संचालित “बस्तर मुन्ने” सैचुरेशन शिविर का निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने शिविर में चल रही गतिविधियों की जानकारी लेते हुए सर्वे कार्य में शत-प्रतिशत सैचुरेशन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने कहा कि शासन की योजनाओं और मूलभूत सुविधाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए।
इसके बाद कलेक्टर और एसपी ग्राम कोंडापल्ली पहुंचे, जहां निर्माणाधीन कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता का निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने निर्माण कार्यों को तय समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। इस दौरान उपस्थित एसडीएम भूपेन्द्र गावरे को भी आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। प्रशासन का कहना है कि सुदूर क्षेत्रों में लगातार पहुंच बनाकर विकास कार्यों की निगरानी की जा रही है, ताकि ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें और योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।