आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में हर माह होंगी 10 वेलनेस गतिविधियां
जयपुर, 15 मई । राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के निर्देशानुसार जयपुर जिले के सभी आयुष्मान आरोग्य मंदिरों पर अब प्रतिमाह 10 वेलनेस गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इन गतिविधियों के माध्यम से आमजन को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के साथ स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जयपुर द्वितीय डॉ. मनीष मित्तल ने बताया कि जिले के समस्त आयुष्मान आरोग्य मंदिरों पर प्रत्येक माह की 5 एवं 20 तारीख को ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ) द्वारा वेलनेस गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। यदि निर्धारित तिथि पर राजकीय अवकाश रहेगा तो कार्यक्रम अगले कार्य दिवस पर आयोजित होंगे।
उन्होंने बताया कि इन गतिविधियों का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाना तथा लोगों को योग, व्यायाम, संतुलित आहार और रोगों की रोकथाम संबंधी जानकारी देना है।
उपमुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (हेल्थ) डॉ. सुरेन्द्र कुमार गोयल ने बताया कि सीएचओ अपने कार्यक्षेत्र के राजकीय विद्यालयों में प्रार्थना सभा के दौरान प्रत्येक माह चार दिनों तक वेलनेस गतिविधियों का आयोजन करेंगे। इसके अलावा प्रत्येक माह चार एमसीएचएन दिवसों पर भी स्वास्थ्य एवं वेलनेस कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
विभाग के अनुसार सभी वेलनेस गतिविधियों का आयोजन प्रतिदिन सुबह 8 बजे से 9 बजे तक किया जाएगा। सीएचओ, एएनएम एवं आशा कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए गए हैं कि वे क्षेत्र में लोगों को इन कार्यक्रमों के लाभों के बारे में जागरूक करें और अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करें।