News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

UP

नहर से मिले अज्ञात शव की हुई पहचान, इटावा के बुजुर्ग निकले मृतक

औरैया, 06 अगस्त (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद अजीतमल कोतवाली क्षेत्र में अमावता नहर पुल के पास नहर से बरामद अज्ञात शव की पहचान इटावा निवासी 60 वर्षीय गजेंद्र सिंह के रूप में हो गई है। पहचान होने के बाद पुलिस ने आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान गजेंद्र सिंह (60) पुत्र स्वर्गीय राम दयाल जाटव, निवासी ग्राम हिरनपुर, पोस्ट चांदपुर, थाना इकदिल, जनपद इटावा के रूप में हुई। परिजनों ने बताया कि गजेंद्र सिंह 2 अगस्त से घर से लापता थे। काफी तलाश के बाद भी उनका कोई सुराग नहीं मिला था।

मीडिया के माध्यम से अज्ञात शव मिलने की सूचना मिलने पर मृतक के पुत्र नागेश कुमार अपने परिजनों योगेंद्र सिंह, पवन कुमार व अन्य रिश्तेदारों के साथ बाबरपुर पहुंचे और अजीतमल कोतवाली में पुलिस से संपर्क किया। इसके बाद पुलिस टीम उन्हें जिला अस्पताल की मोर्चरी लेकर पहुंची, जहां कपड़ों और शारीरिक पहचान के आधार पर शव की शिनाख्त गजेंद्र सिंह के रूप में हुई।

अजीतमल कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम सहित आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस मामले की अग्रिम जांच कर रही है।

Leave a Reply