News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Jharkhand

एचईसी कर्मचारियों को समय पर वेतन भुगतान की मांग, 7 मई तक भुगतान नहीं हुआ तो आंदोलन की चेतावनी

रांची, 02 मई । हेवी इंजीनियर्स कॉर्पोरेशन (एचईसी) लिमिटेड में कार्यरत मजदूर कर्मियों को हर माह समय पर वेतन भुगतान सुनिश्चित करने की मांग उठाई गई है। लंबे समय से वेतन भुगतान में हो रही अनियमितता के कारण कर्मचारियों को गंभीर आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है।

हटिया कामगार यूनियन (एटक) के उपाध्यक्ष लालदेव सिंह ने शनिवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि अब वेतन में किसी भी प्रकार की देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि एचईसी में प्रत्येक माह की 7 तारीख तक वेतन भुगतान होना चाहिए, लेकिन यह व्यवस्था लगातार प्रभावित हो रही है।

उन्होंने कहा कि पिछले माह समय पर वेतन नहीं मिलने से कारखाने के अंदर असंतोष की स्थिति उत्पन्न हो गई थी। ऐसे में यदि इस माह भी 7 मई तक वेतन का भुगतान नहीं किया गया, तो स्थिति फिर से तनावपूर्ण हो सकती है।

लालदेव सिंह ने प्रबंधन पर आरोप लगाते हुए कहा कि काम की कमी और टाउनशिप से अपेक्षित राजस्व वसूली नहीं होने के कारण वेतन संकट लगातार गहरा रहा है, जिसका सीधा असर कर्मचारियों पर पड़ रहा है।

उन्होंने यह भी कहा कि एचईसी प्रबंधन को व्यवस्था सुधारने के लिए पर्याप्त समय दिया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस सुधार नहीं हुआ है। बकाया वेतन, पीएफ, सीपीएफ, बिजली-पानी बिल, सप्लायर भुगतान और सेवानिवृत्त कर्मियों की सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर भी गंभीरता से ध्यान नहीं दिया जा रहा है।

यूनियन ने प्रबंधन से जल्द स्थिति सुधारने की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि यदि समय पर वेतन भुगतान नहीं हुआ, तो कर्मचारियों में आक्रोश बढ़ सकता है और आंदोलन की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।

Leave a Reply