राष्ट्र-निर्माण में बाबा साहेब की रही है अहम भूमिका : भाजपा
रामगढ़, 14 अप्रैल । बाबा साहेब डॉ भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती रामगढ़ में धूमधाम से मनाई गई। भाजपा नेताओं ने अंबेडकर पार्क में एक कार्यक्रम आयोजित किया और समानता के संकल्प को दोहराया। भारतीय संविधान के निर्माता, सामाजिक न्याय के प्रणेता और भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर रामगढ़ कैंट मण्डल भाजपा की ओर से विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। नगर अध्यक्ष सुशांत कुमार पांडेय की अगुवाई में भाजपा कार्यकर्ताओं ने बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस मौके पर वक्ताओं ने डॉ. अंबेडकर के जीवन संघर्ष और राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका पर प्रकाश डाला।
नगर अध्यक्ष सुशांत कुमार पांडेय ने कहा कि डॉ. अंबेडकर केवल एक दल या वर्ग के नेता नहीं थे। बल्कि वे संपूर्ण मानवता और न्याय के पैरोकार थे। बाबा साहब ने स्वतंत्र भारत में समाज के हर नागरिक को, चाहे वह किसी भी जाति या पंथ का हो, समान अधिकार और समान अवसर दिलाया। संविधान ही आज हमारे लोकतंत्र की सबसे बड़ी शक्ति है। कार्यक्रम में मुख्य रूप से भाजपा नेता महेंद्र प्रजापति, रंजन सिंह फौजी, राजेश ठाकुर, अमित कुमार खेतान, बिनु देवी, ऋषिकेश सिंह, सौरभ जायसवाल, ब्रजेश पाठक, जीतू यादव, आकाश गुप्ता, अमर कुशवाहा, सुदीप मिश्रा, रोशन कुमार, दिनेश कुमार सहित दर्जनों कार्यकर्ता उपस्थित थे।