फिरोजपुर झिरका में गो-तस्करी का आरोपी गिरफ्तार, छह गोवंश कराए मुक्त
नूंह, 05 अप्रैल । नूंह जिले के फिरोजपुर झिरका क्षेत्र में पुलिस ने गो-तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि छह गोवंश को तस्करों के चंगुल से सुरक्षित मुक्त कराया गया। यह कार्रवाई सीएस स्टाफ फिरोजपुर झिरका द्वारा गुप्त सूचना के आधार पर अंजाम दी गई।
पुलिस प्रवक्ता कृष्ण कुमार ने रविवार को बताया कि घाटा-समशाबाद क्षेत्र में पुलिस टीम गश्त कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि कुछ तस्कर दो पिकअप वाहनों में गोवंश भरकर अवैध रूप से राजस्थान ले जाने की फिराक में हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तुरंत मुंबई एक्सप्रेस-वे पर गांव बामनठेड़ी के पास नाकाबंदी कर दी। कुछ समय बाद दो संदिग्ध वाहन नूंह की ओर से आते दिखाई दिए। पुलिस द्वारा रुकने का इशारा किए जाने पर चालक भागने लगे, लेकिन पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए दोनों वाहनों को रोक लिया। इस दौरान आलम पुत्र अली मोहम्मद निवासी माहोन को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसके अन्य साथी अंधेरे और झाड़ियों का फायदा उठाकर फरार हो गए।
पूछताछ में फरार आरोपियों की पहचान साकिर, साजिद और आकिल निवासी लुहिंगा कला के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान आरोपी से एक मोबाइल फोन और एक हजार रुपये बरामद किए गए। वहीं, दोनों वाहनों की जांच में छह गोवंश बरामद हुए, जिनके मुंह रस्सियों से बंधे हुए थे। आरोपी इनके संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है और इस संबंध में फिरोजपुर झिरका सदर थाना में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।