सुलतानपुर : युवक का शव पेड़ से लटका मिला
सुलतानपुर, 22 अप्रैल । उत्तर प्रदेश के जिला सुलतानपुर में कोतवाली देहात के बभनगंवा गांव के पास बुधवार दोपहर एक युवक का शव आम के पेड़ से गमछे के सहारे लटका हुआ मिला। सूचना पर कोतवाली देहात पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी।
जिले के बभनगंवा निवासी राकेश कुमार (22) सुबह घर से निकले थे। दोपहर तक घर न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान पास के बरुई गांव स्थित एक बाग में उसका शव पेड़ से लटका मिला। ग्रामीणों ने इसकी सूचना परिजनों और पुलिस को दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक रूप से परिजनों द्वारा घटना को लेकर कुछ बातें बताई गई हैं, जबकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। मृतक राकेश अपने परिवार में सबसे छोटे थे और मेहनत-मजदूरी कर परिवार का सहयोग करते थे। देहात कोतवाल धर्मबीर सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के कारणों के बारे में स्पष्ट जानकारी हो सकेगी।