News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Uttarakhand

कुमाऊं विवि के नए पटवाडांगर परिसर में चार पीजी एवं पीएचडी के पाठ्यक्रम हाेंगे संचालित: कुलपति

विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. दीवान रावत सोमवार को पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे। उन्होंने विवि की अन्य ऐतिहासिक उपलब्धियां भी साझा कीं। उन्हाेंने बताया कि विवि को पहली बार पटवाडांगर में 26.5 एकड़ भूमि मिली है। इस पर परिसर के निर्माण के लिए पिटकुल ने निविदाएं आमंत्रित कर दी हैं। विवि का वर्तमान परिसर भी लीज पर है। पटवाडांगर के नये परिसर में परंपरागत नहीं बल्कि ‘मेरू परियोजना’ के सिद्धांतों के अनुरूप पेशेवर और शोधपरक प्रकृति के पहले चरण में 4 स्नातकोत्तर एवं पीएचडी के पाठ्यक्रम संचालित किये जाएंगे।

कुलपति प्रो. रावत ने बताया कि उन्हें इस वर्ष कुविवि के इतिहास में 46 वर्ष बाद और पूरे उत्तराखंड में रसायन विज्ञान में दूसरा एफएनए मिला है। इसके अतिरिक्त उन्हें अभी हाल में पुरस्कार मिला है, जो अब तक भारत रत्न प्रो. सीएनआर राव एवं 12 पद्म पुरस्कार विजेताओं को मिला है। साथ ही विवि के प्रो. नंद गोपाल साहू को एफएनएएससी मिला है, जो देश के शीर्षतम सम्मानों में से एक और कुविवि के रसायन विज्ञान के इतिहास विभाग में पहला और कुविवि में और पूरे उत्तराखंड में रसायन विज्ञान में तीसरा है। उन्हाेंने बताया कि इसके अतिरिक्त प्रो. साहू का एक शोध पत्र 2010 के नोबल पुरस्कार विजेता के साथ स्वीकृत हुआ है, जोकि मार्च 2026 तक कुविवि आ सकते हैं।

उन्हाेंने बताया कि डीएसबी परिसर से अतिक्रमण हटाकर वहां एनसीसी की मदद से राइफल व पिस्टल चलाने के प्रशिक्षण की इंडोर फायरिंग रेंज स्थापित की है। इसका एक छोटा केंद्र एचआरडीसी में भी स्थापित किया गया है जहां बच्चे तैराकी सीख सकते हैं। प्रो. रावत ने बताया कि कुविवि ने टाटा स्काइप के साथ पीपीपी मोड में पहली बार प्लेसमेंट सेल गठित किया है। इसके अतिरिक्त केंद्र सरकार से कुविवि में देश के 100 विवि के साथ ‘उद्योग लाउंज’ खोलने का प्रस्ताव भी सैद्धांतिक तौर पर स्वीकृत हुआ है। यदि इसकी स्वीकृति होती है ताे यह विवि के लिए बड़ी उपलब्धि होगी। उन्हाेंने बताया कि विवि में एसएसबी की निःशुल्क कोचिंग प्रारंभ हुई है। उन्होंने विद्यार्थियों ने सीखने की भूख जगाने का आह्वान करते हुए इनका लाभ उठाने की अपील की।

कुलपति प्रो. दीवान रावत ने बताया कि दीक्षांत समाराेह के लिए आगामी 4 नवंबर काे राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का दौरा प्रस्तावित है। अगर राष्ट्रपति इस दीक्षांत समाराेह में शामिल हाेती हैं ताे महाविद्यालय के 53 वर्ष के इतिहास में ऐसा पहली बार हाेगा।

Leave a Reply