बाजार में कचरे का अम्बार, जनता परेशान
मुरहू बाजार और मुख्य चौक इन दिनों कचरे के ढेर से पटे पड़े हैं, जिसके कारण स्थानीय लोगों का जनजीवन कठिन होता जा रहा है।
बाजार के आसपास लगातार फैल रही दुर्गंध से लोगों का चलना–फिरना मुश्किल हो गया है और संक्रमण का खतरा भी बढ़ता जा रहा है। साफ–सफाई की बदहाल व्यवस्था को लेकर आम जनता प्रशासन से नाराज है।
मुरहू प्रखंड के उप प्रमुख अरुण साबू ने बताया कि इस गंभीर समस्या को लेकर उन्होंने कई बार जिला के उप विकास आयुक्त को लिखित आवेदन दिए, लेकिन हर बार केवल औपचारिकता निभाई गई। उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत मुरहू ब्लॉक में कचरा बाइंडिंग मशीन लगे दो वर्ष पूरे हो चुके हैं, बावजूद इसके विभागीय लापरवाही के कारण मशीन का सही उपयोग नहीं हो रहा है। सरकारी धन खर्च होने के बाद भी सफाई व्यवस्था में कोई सुधार नहीं दिख रहा। मुरहू बाजार की सफाई का टेंडर जिला परिषद द्वारा दिया गया था, पर ठेकेदार द्वारा अब तक कचरा नहीं हटाया गया।
उप विकास आयुक्त स्तर से इस मामले की जांच भी कराई गई थी, लेकिन जांच के बाद भी किसी प्रकार की कार्रवाई न होने से स्थिति जस की तस बनी हुई है। कचरे का अम्बार बढ़ता जा रहा है और जनता मजबूरी में गंदगी और दुर्गंध के बीच रहने को विवश है।
उप प्रमुख ने बताया कि पंचायत समिति की बैठकों में भी इस मुद्दे को कई बार उठाया गया और प्रखंड विकास पदाधिकारी को जिला स्तर पर कार्रवाई हेतु अवगत कराने को कहा गया, परंतु समाधान आज तक अधर में है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिला परिषद की ओर से टेंडर देने के बाद भी नियमित मॉनिटरिंग नहीं की जा रही है और अधिकारी केवल कागजी कार्रवाई में सीमित हैं।
उन्होंने प्रेस के माध्यम से जिला उपायुक्त, खूंटी से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है, ताकि मुरहू की जनता को स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण मिल सके। अरुण साबू ने कहा कि मुरहू की जनता स्वच्छ वातावरण की हकदार है। प्रशासन यदि ठोस कदम उठाए, तो समस्या तुरंत दूर हो सकती है।