News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Himachal Pradesh

कांग्रेस सरकार पर ठेकेदारों के भुगतानों को रोकने का आरोप, राकेश जमवाल ने सुक्खू सरकार को घेरा

विधायक निधि के कार्यों की फाइलें महीनों से कोषागार में धूल खा रही हैं, जबकि सरकार झूठे दावों से जनता को भ्रमित कर रही है।

उन्होंने कहा कि दिवाली से पहले भुगतान की बात करना और फिर उसे पूरा न करना इस सरकार के विश्वासघात की पराकाष्ठा है। जो सरकार अपने ही ठेकेदारों और कर्मचारियों का पैसा रोक ले, वह विकास के नाम पर प्रदेश को केवल मंदी और अराजकता की ओर धकेल सकती है। यह सरकार प्रशासन नहीं चला रही, केवल प्रचार तंत्र चला रही है। भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि सुक्खू सरकार की प्राथमिकता केवल सत्ता में बने रहना है, जनता की समस्याओं से इसका कोई सरोकार नहीं। विधायक निधि तक जारी नहीं हो रही, पंचायतों को फंड नहीं मिल रहे, और विकास योजनाएं ठप हैं। मुख्यमंत्री की कथनी और करनी में ऐसा फर्क है कि अब जनता को उन पर जरा भी भरोसा नहीं रहा। राकेश जमवाल ने कहा कि कांग्रेस सरकार अब पंचायत चुनावों से भागने के लिए डिजास्टर एक्ट और सड़कों की दुर्दशा का बहाना बना रही है, जबकि यही सरकार पिछले दो वर्षों में आपदा प्रभावित क्षेत्रों की सड़कों तक की मरम्मत नहीं करा पाई। 2023 की आपदा में टूटी सड़कें आज तक जस की तस हैं, जिससे ग्रामीण क्षेत्र विकास से पूरी तरह कटे हुए हैं।

उन्होंने कहा कि सुक्खू सरकार ने हिमाचल को ठहराव, ठगी और ठप व्यवस्था का प्रतीक बना दिया है। जनता को बिजली, पानी, सड़क और रोज़गार की सुविधा देने में असफल रही सरकार अब अपने झूठे दावों से समय काटने में लगी है। भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि जनता अब इस नाकारा सरकार का अंत चाहती है। भाजपा यह स्पष्ट करती है कि यह सरकार विकास नहीं, विनाश कर रही है । जनता का पैसा रोकना, योजनाओं को लटकाना और ठेकेदारों को सड़कों पर उतारना कांग्रेस सरकार की पहचान बन चुकी है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भाजपा हर जिले, हर विधानसभा में इस सरकार के झूठे वादों और आर्थिक कुप्रबंधन के खिलाफ जनांदोलन छेड़ेगी ताकि जनता को सच्चाई का आईना दिखाया जा सके।

Leave a Reply