हिसार : बरवाला नगरपालिका में सीएम फ्लाइंग का छापा, कई अनियमितताएं मिली
निरीक्षण के दौरान सीएम फ्लाइंग टीम ने शहर की सफाई व्यवस्था और डोर-टू-डोर कूड़ा उठान की भी जांच की। टीम ने पाया कि संबंधित एजेंसी द्वारा कूड़ा निर्धारित डम्पिंग स्टेशन पर डालने की बजाय गुराना रोड पर डाला जा रहा है। डम्पिंग स्टेशन पर भी कूड़े का उचित निस्तारण नहीं हो रहा था और बाहर ही ढेर लगाया गया था। बरवाला के वार्ड नंबर 6, 7 और 8 के नागरिकों ने सीएम फ्लाइंग टीम से शिकायत की कि एजेंसी उनके क्षेत्र में चार-पांच दिन में केवल एक बार ही कूड़ा उठाती है। इस वजह से गंदगी फैलती है और बीमारी का खतरा बना रहता है।
स्थानीय नागरिकों ने सीएम फ्लाइंग टीम से मांग की कि जिन पार्षदों व कर्मचारियों की लापरवाही सामने आई है, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में ऐसी लापरवाहियां न हों।सीएम फ्लाइंग हिसार रेंज इन्चार्ज सुनैना ने नागरिकों से बातचीत करते हुए कहा कि निरीक्षण करने के बाद इसकी जांच रिपोर्ट बनाकर आगामी कार्रवाई के लिए उच्चाधिकारियों को भेजी जाएगी।