जिला मुक्केबाजी संघ ने किया सेम चौधरी को सम्मानित
बॉक्सिंग संघ कार्यालय पर स्वागत के दौरान डा.विशाल गर्ग ने कहा कि सेम चौधरी ने हरियाणा के महेंद्रगढ़ में 11 से 14 सितम्बर तक आयोजित की गयी सीबीएसई नेशनल बॉक्सिंग चैंपियनशिप में अंडर-19 आयु वर्ग में 75-80 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर हरिद्वार जिले का नाम रोशन किया है। सेम चौधरी की यह उपलब्धि पूरे जिले के लिए गौरव का क्षण है।
संघ के कोषाध्यक्ष सुधीर जोशी ने बताया कि सेम चौधरी को बॉक्सिंग कोच नवीन चौहान ने प्रशिक्षित किया है। संघ के सचिव व कोच नवीन चौहान ने कहा कि हरिद्वार के बालक और बालिकाओं में मुक्केबाजी के लिए असीमित प्रतिभा छुपी हुई है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2016 में हरिद्वार की प्रिया जोशी ने भी राष्ट्रीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर जिले का मान बढ़ाया था।
स्वागत करने वालों वरिष्ठ भाजपा नेता मनोज गौतम, सुधीर जोशी, राकेश चौधरी, नवीन चौहान सहित मुक्केबाजी संघ के कई पदाधिकारी शामिल रहे।