टंडवा में गोलीबारी के बाद अपराधियों के धर पकड़ के लिए चलाया जा रहा है अभियान
टंडवा के एनटीपीसी फ्लाई ऐश लोडिंग साइड में एक बाइक में सवार तीन अपराधियों ने शनिवार की रात फायरिंग की । रविवार को पुलिस ने यहां सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। साथ ही अपराधकर्मियों की धर पकड़ के लिए अभियान चला रही है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज को खंगाल जा रहा है और कई लोगों से पूछताछ की जा रही है। इस घटना की जिम्मेदारी अमन साहू गैंग के सदस्यों ने ली है। पुलिस ने घटनास्थल से गोली के खोखे और हस्तलिखित पर्चा भी बरामद किया है। अपराधियों ने ढुलाई में लगे दो हाईवा को निशाना बनाते हुए फायरिंग की थी। बाइक में तीन नकाबपोश अपराधी लोडिंग क्षेत्र में आए और दो हाईवा को टारगेट कर फायरिंग की थी। हालांकि चालक बाल बाल बच गया। वाहन सूरज कुमार और प्रकाश राणा का है। घटना के बाद अपराधियों ने एक पर्चा अमन साहू गैंग के नाम से छोड़ा। थाना प्रभारी अनिल उरांव ने बताया कि अपराधियों की धर पकड़ के लिए अभियान चलाया जा रहा है। एसडीपीओ प्रभात रंजन बरवार के नेतृत्व में मामले के उद्वेदन के लिए पुलिस की टीम लगी हुई है।