फतेहाबाद : महिला के कान से बाली छीनने के आरोप में दो गिरफ्तार
फतेहाबाद : महिला के कान से बाली छीनने के आरोप में दो गिरफ्तार
फतेहाबाद, 10 मई (हि.स.)। एक महिला के कान से सोने की बाली छीनने के मामले में कार्रवाई करते हुए सदर टोहाना पुलिस ने दो और युवकों को शनिवार को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए युवकों की पहचान कमल पुत्र बिटूराम निवासी रतिया रोड टोहाना व दिलबाग पुत्र लीलाराम निवासी जमालपुर शेखां के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से वारदात में प्रयोग किए गए मोटरसाइकिल को भी बरामद किया है। दोनों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा। इस मामले में एक आरोपी राहुल उर्फ गप्पड़ पुत्र शमशेर सिंह निवासी जमालपुर शेखां को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। थाना सदर टोहाना प्रभारी एसआई शादी राम ने बताया कि इस बारे में पुलिस ने 22 अप्रैल को जमालपुर शेखां निवासी महिला बबली बाई की शिकायत पर केस दर्ज किया था। शिकायतकर्ता के अनुसार जब वह हैदर वाला रोड, भाखड़ा नहर से लकड़ी लेकर घर जा रही थी तो दो युवक गप्पड पुत्र शमशेर व दिलबाग सिंह पुत्र लीलाराम निवासी जमालपुर शेखां मोटरसाइकिल पर पीछा करते हुए आए और गुरुद्वारे के पास अकेला पाकर उसके कान से सोने की बाली खींचकर मौके से फरार हो गए। इस मामले में सदर टोहाना पुलिस ने महिला की शिकायत पर केस दर्ज किया और जांच अधिकारी एएसआई ललित कुमार ने आरोपियों के बारे में अहम सुराग जुटाते हुए अब तक तीन युवकों को गिरफ्तार कर लिया है।