फतेहाबाद :सेवानिवृत्त बैंककर्मी से लाखाें की ठगी
फतेहाबाद :सेवानिवृत्त बैंककर्मी से लाखाें की ठगी
पीएनबी मुख्यालय का अधिकारी बनकर की कॉलफतेहाबाद, 24 मई (हि.स.)। शहर के मॉडल टाऊन निवासी पंजाब नेशनल बैंक के रिटायर्ड अधिकारी के साथ लाखों रुपये की ठगी होने का मामला सामने आया है। ठग ने उसे पीएनबी का अधिकारी बनकर फोन किया और क्रेडिट कार्ड बनाने के नाम पर उसके तीन खातों से पैसे निकाल लिए। इस मामले में साइबर थाना फतेहाबाद पुलिस ने शनिवार को धोखाधड़ी बारे केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में फतेहाबाद शहर के मॉडल टाउन निवासी बनवारी लाल ने बताया कि वह पंजाब नेशनल बैंक से रिटायर्ड कर्मचारी हैं। 11 मई को वह अपने घर पर थे। इसी दौरान उनके मोबाइल पर कॉल आई। कॉलर ने कहा कि वह पीएनबी मुख्यालय से बोल रहा है। उसने पूछा कि क्या आप रिटायर्ड मैनेजर बोल रहे हो, तो उन्होंने हां कह दी। कॉलर ने क्रेडिट कार्ड बनवाने के लिए कहा। इसके लिए जन्म तिथि व जिले का पिन कोड पूछा। यह बताने के बाद उनका मोबाइल हैंग हो गया। बनवारी लाल ने बताया कि 12 मई को उनके पंजाब नेशनल बैंक के तीन अलग-अलग खातों से 5 लाख 71 हजार 800 रुपए कट गए। एक खाते से 95 हजार रुपए, दूसरे खाते से 3 लाख 81 हजार रुपए और तीसरे खाते से 95 हजार 800 रुपए कट गए। उन्होंने उसी नंबर पर दोबारा कॉल की तो नंबर ही नहीं लगा। इसके बाद उन्होंने बैंक जाकर पता किया तो जानकारी मिली कि उनके खातों से कटे हुए सारे रुपए आईडीबीआई बैंक के अकाउंट में गए हैं। पता चला है कि जिस अकाउंट में बनवारी लाल के खाते से रुपए निकाल डाले गए हैं। आईएफएससी कोड के अनुसार यह ब्रांच पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में स्थित हैं। इसके बाद उन्होंने अपने साथ हुई धोखाधड़ी की शिकायत ऑनलाइन दर्ज करवाई। अब थाने में बयान दर्ज होने के बाद केस दर्ज किया गया है।