News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

MP

नर्मदापुरमः जिला अस्तपाल में पोस्टमार्टम के लिए रखे शव को नोंच-नोंच कर खा गए कुत्ते

नर्मदापुरमः जिला अस्तपाल में पोस्टमार्टम के लिए रखे शव को नोंच-नोंच कर खा गए कुत्ते

नर्मदापुरम, 11 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम जिले में सरकारी अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए रखें एक युवक के शव को कुत्तों द्वारा नोंच-नोच कर खाने का मामला सामने आया है। शव की दुर्गति देखकर परिजन आक्रोशित हो गए और उन्होंने इसका वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। परिजन ने अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। उन्होंने कहा कि रात में गार्ड की तैनाती नहीं थी। हम लोग कुत्तों को भगा रहे थे। उन्होंने सात दिन में दोषियों पर कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी भी दी। मामला सामने आने के बाद सिविल सर्जन ने ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा गार्ड के खिलाफ जांच के आदेश दिए हैं।

दरअसल, बनापुरा निवासी निखिल चौरसिया (21) अपने दोस्त रितिक राजपूत और रोहित मेहरा के साथ गत शुक्रवार को पालनपुर शादी कार्यक्रम से लौट रहा था, तभी डोलरिया रोड पर उनकी बाइक को किसी वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में निखिल चौरसिया की मौके पर मौत हो गई, जबकि रितिक और रोहित गंभीर रूप से घायल हैं। भी यह पता नहीं चला है कि टक्कर किस वाहन ने मारी थी। निखिल का शव नर्मदापुरम जिला अस्पताल में पोस्टमॉर्टम के लिए लाया गया था। युवक की बहन ने कहा कि हम वहां पर थे। रात में 3.30 बजे पानी पीने बाहर गए थे। इस बीच एक कुत्ता भाई के शरीर से मांस नोच कर ले भागा। इस मामले की शिकायत हमने सीएम हेल्पलाइन 181 पर की है।

रविवार को समर्पण श्री संस्था के सदस्यों ने सीएमएचओ के खिलाफ प्रदर्शन किया। संगठन के सदस्य स्वदेश सैनी ने चेतावनी दी है कि अगर सात दिन में लापरवाही करने वालों पर एफआईआर दर्ज नहीं हुई तो सीएमएचओ का पुतला दहन किया जाएगा। जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. सुधीर विजयवर्गीय ने इस घटना की जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सुरक्षा गार्ड को शोकॉज नोटिस जारी किया जाएगा। भविष्य में कोशिश करेंगे कि व्यवस्था में सुधार लाया जाए। साथ ही ध्यान रखा जाएगा कि आगे से ऐसी घटना न हो।

Leave a Reply