दक्षिणी कोरिया के नामी द्वीप पर जोधपुर गार्डन का लोकार्पण
दक्षिणी कोरिया के नामी द्वीप पर जोधपुर गार्डन का लोकार्पण
जोधपुर शहर और मेहरानगढ़ के विभिन्न फोटोग्राफ्स व जानकारी प्रदर्शित की
जोधपुर, 13 मई (हि.स.)। दक्षिणी कोरिया के नामी द्वीप पर अंतरराष्ट्रीय बाल पुस्तक महोत्सव में मेहरानगढ़ म्यूजियम ट्रस्ट, सारंग सृजन जोधपुर व नामी आइलैंड आट्र्स एंड एजुकेशन दक्षिण कोरिया के संयुक्त तत्वावधान में जोधपुर गार्डन का आयोजन हुआ। इसमें दक्षिण कोरिया में भारत के राजदूत अमित कुमार ने जोधपुर गार्डन का विधिवत लोकार्पण किया।
मेहरानगढ़ म्यूजियम ट्रस्ट के प्रशासनिक अधिकारी कर्नल अजय सिंह शेखावत ने बताया कि दक्षिणी कोरिया के नामी द्वीप में आयोजित नामी बुक फेस्टिवल 2025 में भारत को अतिथि देश के रूप में आमंत्रित किया गया। नामी द्वीप पर जोधपुर गार्डन का लोकार्पण हुआ। इस अवसर पर मेहरानगढ़ म्यूजियम ट्रस्ट जोधपुर की मुख्य क्यूरेटर डॉ. सुनयना राठौड़ व सारंग सृजन की संस्थापक डॉ. प्रियंका व्यास ने प्रतिनिधित्व किया। उन्होंने बताया कि जोधपुर गार्डन में जोधपुर शहर और मेहरानगढ़ दुर्ग के विभिन्न फोटोग्राफ्स व जानकारी प्रदर्शित की गई।
दक्षिणी कोरिया में भारत के राजदूत अमित कुमार ने जोधपुर गार्डन के लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि मेहरानगढ़ म्यूजियम ट्रस्ट जोधपुर व सारंग सृजन जोधपुर द्वारा नामी द्वीप के साथ मिलकर किए गए प्रयास सराहनीय है। उन्होंने इसे भारत व दक्षिण कोरिया सहयोग के एक प्रेरणादायक उदाहरण के रूप में रेखांकित किया। उन्होंने मेहरानगढ़ म्यूजियम ट्रस्ट के प्रबंध न्यासी पूर्व नरेश गज सिंह का भी आभार व्यक्त किया।
लोकार्पण समारोह में दक्षिणी कोरिया के गैगवोग प्रांत के गवर्नर जिंताए कीम, नामी द्वीप के चौयरमैन वूंग किह मिन, वाइस चौयरमैन व सी ईओ, दक्षिणी कोरियाई सेना के वरिष्ठ अधिकारी व गणमान्य प्रतिनिधि उपस्थित थे। पूर्व नरेश गज सिंह ने इस अवसर पर विशेष वीडियो संदेश भी प्रस्तुत किया गया, जिसमें उन्होंने इस सांस्कृतिक उपवन की परिकल्पना की सराहना करते हुए इस सहयोग में जुड़े सभी लोगों के प्रति आभार प्रकट किया।