News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Delhi

दिल्ली के समग्र विकास को लेकर हुई उच्चस्तरीय बैठक

दिल्ली के समग्र विकास को लेकर हुई उच्चस्तरीय बैठक

– दिल्ली में किफायती आवास, आधुनिक शहरी परिवहन प्रणाली, विद्युत क्षेत्र में सुधार जैसे विषयों पर हुई चर्चा

नई दिल्ली, 8 मई (हि.स.)। केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने आज दिल्ली के समग्र विकास के लिए दिल्ली सचिवालय में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के साथ उच्चस्तरीय बैठक की। इस बैठक में शहरी आवासन मंत्रालय एवं दिल्ली सरकार के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। केंद्रीय मंत्री ने गुरुवार को एक्स पर यह जानकारी साझा की।

केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने बताया कि बैठक में किफायती आवास, आधुनिक शहरी परिवहन प्रणाली, विद्युत क्षेत्र में सुधार और सार्वजनिक स्थलों के पुनर्विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत एवं सकरात्मक चर्चा हुई।

उन्होंने कहा कि पिछली सरकार के लंबित मुद्दों के शीघ्र समाधान और जनहित से जुड़ी प्राथमिक परियोजनाओं के त्वरित क्रियान्वयन के लिए समन्वय और साझेदारी के साथ कार्य करने पर सहमति व्यक्त की गई। बैठक के दौरान दिल्ली के शिक्षा मंत्री आशीष सूद, लोक निर्माण विभाग के मंत्री प्रवेश साहिब सिंह वर्मा और पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा मौजूद रहे।

—————

Leave a Reply