दमोह : फर्जी आधार कार्ड बनाने कई राज्यों में मिली दमोह की आइडी एक्टिव, जांच शुरू
दमोह : फर्जी आधार कार्ड बनाने कई राज्यों में मिली दमोह की आइडी एक्टिव, जांच शुरू
दमोह, 21 मई (हि.स.)। मध्यप्रदेश के दमोह में एक बडा मामला सामने आया है जिसमें दमोह के लोकसेवा केन्द्र की कुछ मशीनों के क्लोन के रूप में देश के अन्य राज्यों में संचालन कर आधार कार्ड में गडबडी करने एवं बडी संख्या में आधार कार्ड बनाने की बात सामने आयी है। यह मामला उस समय सामने आया है जब भारत पाकिस्तान के मध्य भारी तनाव है बंगलादेशियों को लेकर भारत में लगतार जांच चल रही है। इसी समय दमोह के लोकसेवा केन्द्र की मशीनों का उपयोग पश्चिम बंगाल, हरियाणा, राजस्थान, बिहार, झारखंड एवं दिल्ली में होने की बात सामने आना निश्चित रूप से चिंता का विषय बना हुआ है।
बताया जा रहा है कि यहां पर काफी बडी तादाद में आधार कार्ड बनाये गये हैं। आशंका यह भी जताई जा रही है कि आईडी क्लोन करके अवैध रूप से देश में रह रहे रोहिंग्या और पाकिस्तानियों के आधार कार्ड बनाए गए है। हालांकि मामले को लेकर दमोह कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर ने एक प्रतिवेदन एसपी श्रुतकीर्ति सोमवंशी को भेजते हुये एफआईआर कर दोषियों का पता लगाने की कानूनी कार्यवाही के लिये कहा है।
उन्होने बताया कि प्रत्येक बिन्दु की बारीकी से जांच की जा रही है। वहीं पुलिस अधीक्षक सोमवंशी का कहना है कि कलेक्टर का एक पत्र प्राप्त हुआ है पुलिस जांच में जुट गयी है। मामले को लेकर अनेक प्रश्न उपज रहे हैं क्या जिम्मेदारों की मिली भगत से आईडी क्लोन बनाया गया है क्योंकि यह सब बिना किसी सहयोग के संभव नहीं हैं। सूत्रों की माने तो पुलिस अभी अज्ञातों के विरूद्ध प्रकरण को दर्ज कर जांच को आगे बढा रही है।
—————