फतेहाबाद : ठगी के आरोप में गिरफ्तार महिला से लाखों की नकदी व मोबाइल बरामद
फतेहाबाद : ठगी के आरोप में गिरफ्तार महिला से लाखों की नकदी व मोबाइल बरामद
फतेहाबाद, 18 मई (हि.स.)। साइबर थाना फतेहाबाद पुलिस ने घर बैठे रुपये कमाने का लालच देकर एक महिला से लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में गिरफ्तार महिला आरोपी से रविवार को पूछताछ के आधार पर छह लाख 30 हजार की नगदी, एक पासबुक और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। साइबर थाना फतेहाबाद प्रभारी इंस्पैक्टर सतीश ने बताया कि इस बारे पुलिस ने 18 मार्च को मनिन्द्र कौर पत्नी जगबीर सिंह निवासी शेखुपुर सोत्तर की शिकायत पर केस दर्ज किया था। इस मामले में पुलिस ने एक महिला निशा रानी उर्फ नवदीप कौर पत्नी रणजीत सिंह निवासी आजाद नगर पटियाला को अबोहर से गिरफ्तार किया था। शिकायतकर्ता के अनुसार अक्टूबर 2023 में उसने इन्स्टाग्राम पर अपलोड हुई वीडियो देखी। इस वीडियो में बताया गया था कि आप घर बैठे रुपये कमा सकते हो। इसके बाद उसने वीडियो में दिखाए गए नंबर पर मैसेज किया। इसके बाद 23 दिसम्बर 2023 को उसके व्हाट्सएप पर मैसेज आया और उसे बताया गया कि वह 36 हजार 500 रुपये जमा करते हैं तो उसको प्राफिट के साथ 38 हजार 500 रुपये मिलेंगे। इस पर उसने अपने अकाउंट से बताए गए नंबर पर दो ट्रांजेक्शन में 35600 रुपये ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद उसे लालच दिया गया कि अगर वह और पैसा कमाना चाहती है तो उसे ओर रुपये जमा करवाने होंगे। इस पर 15 जनवरी 2024 को उसने अपने पति के खाते से तीन लाख 94 हजार 600 रुपये ट्रांसफर करवा दिए। उसके बाद उसने अपने ससुर बलबीर के खाते से भी तीन लाख 94 हजार 600 रुपये ट्रांसफर करवा दिए। महिला ने कहा कि इस तरह आरोपियों ने उसे विश्वास में लेकर अलग-अलग दिन ट्रांजेक्शन से कुल 12 लाख 23 हजार 300 रुपये हड़प लिए। जब उसने इन लोगों से अपने पैसे वापस मांगे तो उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया और न ही उसके पैसे लौटाए। इस पर उसने अपने साथ हुए फ्रॉड का पता चला और उसने इस बारे पुलिस को शिकायत दर्ज करवाई। इस मामले में साइबर थाना फतेहाबाद पुलिस ने केस दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया और पूछताछ के आधार पर उससे नकदी व फोन बरामद कर लिया है।