News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Haryana

सिरसा में भाजपा महिला मोर्चा ने निकाली तिरंगा यात्रा

सिरसा में भाजपा महिला मोर्चा ने निकाली तिरंगा यात्रा

सिरसा, 19 मई (हि.स.)। ऑपरेशन सिंदूर की ऐतिहासिक सफलता के उपलक्ष्य में भाजपा महिला मोर्चा व शहर के अनेक संगठनों की ओर से सोमवार को तिरंगा यात्रा निकाली गई। महिला मोर्चा की जिला प्रधान एडवोकेट भावना शर्मा ने कहा कि लाल सिंदूर की ललकार ने दुश्मन के खेमे में हाहाकार मचा दिया है। देश की सेना ने अपने अदम्य साहस का परिचय देते हुए दुश्मन को उसके घर में घुसकर ऐसा करारा जवाब दिया, जिसे वह कभी भुला नहीं पाएगा। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर की सफलता ने पूरे देश को गौरवान्वित किया है।

यह हमारे वीर जवानों के शौर्य और पराक्रम का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि इस तिरंगा यात्रा का उद्देश्य इस सफलता का जश्न मनाना और देश के प्रति अपनी एकता और अखंडता का संदेश देना है। इस मौके पर सुमन वर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पाकिस्तान को कड़ा संदेश दिया गया है। भारतीय सेना ने पाकिस्तान के अंदर घुसकर आतंकी अड्डों को तबाह कर यह संदेश दिया है कि भारत देश अब अब आतंकियों की किसी हरकत को बर्दाश्त नहीं करेगा। उन्हें हर वार का मुंह तोड़ जवाब दिया जाएगा।

उधर, ऐलनाबाद शहर में भी सोमवार को तिरंगा यात्रा निकाली गई। इस मौके पर वरिष्ठ भाजपा नेता अमीर चंद मेहता ने कहा कि तिरंगा यात्रा से पूरे देश में संदेश जा रहा है कि यहां कण-कण में देशभक्ति है। हरियाणा वीरों की भूमि है और यहां के गांवों में जवान वीरता की मिशाल हैं। उन्होंने कहा कि हमारे वीर सैनिकों ने बहादुरी दिखाते हुए पाकिस्तान को चार दिन में ही घुटने टेकने को मजबूर कर दिया है।

—————

Leave a Reply