सुलतानपुर में पांच तस्कर गिरफ्तार, 3.25 करोड़ रुपये की स्मैक जब्त
सुलतानपुर, 03 नवंबर । उत्तर प्रदेश के जिला सुलतानपुर में मोतिगरपुर और जयसिंहपुर की थाना पुलिस ने मंगलवार काे नशे के सौदागारों पर कार्रवाई करते हुए पांच तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 864 ग्राम 41 मिलीग्राम स्मैक बरामद हुई है, जिसकी अन्तरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 3.25 करोड़ रुपये है।
मोतिगरपुर थाना प्रभारी अनिरुद्ध कुमार सिंह ने बताया कि जनपद में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में एक सूचना पर मोतिगरपुर थाना के कैथवारा मोड़ से पांच तस्करों को गिरफ्तार किया हैं। उनकी पहचान दियरा बाजार निवासी दिनेश मिश्रा, चौपरिया निवासी अंकित मिश्रा, मलवा का अभिषेक गोस्वामी, धरसौली का रहने वाला आदित्य और चित्रांश सिंह के रुप में हुई है। आरोपितों के पास से स्मैक की पांच पारदर्शी प्लास्टिक की पन्नियां, 3,210 रुपये, चार मोबाइल फोन और तीन बैग जब्त किए हैं।
