News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

News Chetna
MP

बड़वानी में जयस ब्लॉक अध्यक्ष राहुल सोलंकी पर दुष्कर्म का केस

बड़वानी, 03 नवंबर । मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले के सेंधवा में 12वीं कक्षा की आदिवासी नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म और अपहरण का मामला सामने आया है। मामले में जय आदिवासी युवा शक्ति (जयस) के ब्लॉक अध्यक्ष राहुल सोलंकी और उसके सहयोगी दिलीप सोलंकी के खिलाफ पुलिस ने प्रकरण दर्ज किया है। राहुल सोलंकी को सेंधवा विधायक मोंटू सोलंकी का करीबी बताया जा रहा है। पीड़िता सिकल सेल बीमारी से भी पीड़ित है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, नाबालिग की शिकायत पर सोमवार देर रात दोनों आरोपियों के खिलाफ अपहरण, दुष्कर्म और पॉक्सो अधिनियम की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।

पीड़िता ने शिकायत में बताया कि वह सीएम राइज स्कूल में पढ़ती है और कक्षा 10वीं से राहुल सोलंकी को जानती थी। दोनों की मुलाकात आदिवासी दिवस के कार्यक्रम के दौरान हुई थी। आरोप है कि राहुल ने उसे शादी का झांसा दिया और सितंबर 2025 में दिलीप सोलंकी की मदद से उसे अपने घर बुलाकर दुष्कर्म किया। इसके बाद भी कई बार उसका शारीरिक शोषण किया गया।

शिकायत के मुताबिक, पेट में दर्द होने पर छात्रा को खरगोन के एक अस्पताल में दिखाया गया था। जांच के दौरान उसे सिकल सेल बीमारी होने की जानकारी मिली और दवाइयां दी गईं। शुरुआत में छात्रा पेट में सूजन को बीमारी का लक्षण समझती रही, लेकिन बाद में उसे गर्भवती होने का पता चला।

पीड़िता का आरोप है कि गर्भावस्था की जानकारी राहुल को देने पर उसने उपचार कराने का आश्वासन दिया। प्रसव से कुछ दिन पहले उसने छात्रा को कुछ दवाइयां दीं, जिसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई।

दो नवंबर को करीब आठ माह की गर्भावस्था के बाद छात्रा ने सरकारी अस्पताल में मृत शिशु को जन्म दिया। घटना के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply