News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

News Chetna
Jharkhand

टाटा-पटमदा मुख्य सड़क पर हादसे में हुई दूसरी मौत, इलाज के दौरान युवक ने तोड़ा दम

पूर्वी सिंहभूम, 24 अक्टूबर । जिले के ग्रामीण क्षेत्र बोड़ाम में टाटा-पटमदा मुख्य सड़क पर हुए सड़क हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर दो हो गई है। पगदा गांव के पास दो बाइक की आमने-सामने टक्कर में गंभीर रूप से घायल राहुल सिंह उर्फ बाबूलाल ने शनिवार को एमजीएम अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इससे पहले दुर्घटना में चुड़दा गांव निवासी गणेश कर्मकार (24) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी। एक ही हादसे में दो युवकों की मौत से दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम करीब पौने छह बजे पगदा गांव के पास मुख्य सड़क पर दो बाइक के बीच जोरदार टक्कर हो गई थी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने गणेश कर्मकार को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल राहुल सिंह का इलाज शुरू किया गया। हालांकि, शनिवार सुबह उपचार के दौरान राहुल की भी मौत हो गई।

इस दुर्घटना में गणेश कर्मकार की पत्नी रानी कर्मकार सहित तीन लोग घायल हुए थे। गणेश अपनी पत्नी और छोटी बेटी के साथ जमशेदपुर से अपने गांव लौट रहे थे। बताया जाता है कि आगे चल रहे पिकअप वैन को ओवरटेक करने के दौरान उनकी बाइक सामने से आ रही दूसरी बाइक से टकरा गई। टक्कर के बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। गणेश की छोटी बेटी को हादसे में चोट नहीं आई थी।

इधर, टाटा-पटमदा मुख्य सड़क पर 24 घंटे के भीतर हुए दूसरे हादसे में शनिवार सुबह हलुदबनी पुलिस कैंप के पास तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से दो बाइक पर सवार तीन लोग घायल हो गए। स्थानीय लोगों के अनुसार, घायलों में दो की हालत गंभीर है। बोड़ाम थाना प्रभारी नीरज कुमार ने बताया कि घायलों को एमजीएम अस्पताल भेजा गया है।

Leave a Reply