News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

News Chetna
Jharkhand

एमएमसीएच में पोस्टमार्टम में देरी पर परिजनों का प्रदर्शन, दो डाक्टरों पर कार्रवाई

पलामू, 24 अक्टूबर । मेदिनी राय मेडिकल कॉलेज अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करने में देरी होने पर शनिवार को मृतकों के परिजन एवं अन्य लोगों ने अस्पताल सुपरीटेंडेंट और सिविल सर्जन के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। एमएमसीएच परिसर में धरना दिया।

उल्लेखनीय है कि पिछले 12 घंटे के दौरान अलग-अलग हादसों में एक बच्चा सहित चार लोगों की मौत हो गई है। सभी के शव पोस्टमार्टम के लिए एमएमसीएच में रखा गया था। इसके अलावा दूसरे थाना क्षेत्र से दो शवों का लाया गया था, लेकिन निर्धारित समय से ढाई घंटे बाद भी प्रक्रिया शुरू नहीं होने पर परिजन भड़क गए और प्रदर्शन करने लगे।

व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए परिजनों ने कहा कि सुबह 11.30 बजे तक पोस्टमार्टम करने के लिए कोई डॉक्टर नहीं पहुंचे, जबकि इसके लिए सुबह 9.00 बजे का समय निर्धारित है। समय पर पोस्टमार्टम नहीं होने के कारण दाह संस्कार में समस्या होती है। भूखे प्यासे 15 घंटे से अस्पताल में बैठे हुए हैं।

कुछ परिजनों ने कहा कि शिकायत करने के लिए सुपरिंटेंडेंट कार्यालय गए तो वहां ताला लगा हुआ था। सिविल सर्जन को जानकारी दी तो उन्होंने हाथ खड़े कर दिए। इसके बाद मामले को लेकर उपायुक्त से शिकायत की गई। अस्पताल की व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। परिजनों ने राज्य के स्वास्थ्य मंत्री से मामले में जांच कर कार्रवाई करने की मांग की।

इस मामले में मेदिनी राय मेडिकल कॉलेज अस्पताल के अधीक्षक ने एमएमसीएच के चिकित्सा पदाधिकारी डाॅ कादिर परवेज और डाॅ रोहित कुमार से स्पष्टीकरण पूछते हुए जवाब देने तक वेतन स्थगित करने की कार्रवाई की है। मामले में उपाधीक्षक ने पत्र भेजकर एमएमसीएच के चिकित्सा पदाधिकारी डाॅ कादिर परवेज और डॉ रोहित कुमार के विलंब से अस्पताल पहुंचने पर स्पष्टीकरण मांगा है।

Leave a Reply