News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

News Chetna
Uttarakhand

भैरव घाट पर ब्रह्मलीन संतों का तर्पण

हरिद्वार, 10 अक्टूबर । सर्वपितृ अमावस्या के पावन अवसर पर श्री पंचदशनाम जूना अखाड़ा द्वारा हरिद्वार के भैरव घाट पर ब्रह्मलीन संतों, गुरु मूर्तियों एवं सिद्ध महात्माओं का तर्पण व पूजन कार्यक्रम विधि-विधान से संपन्न हुआ।

अनुष्ठान श्री पंचदशनाम जूना अखाड़ा के अंतरराष्ट्रीय संरक्षक एवं अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के महामंत्री श्रीमहंत हरि गिरि महाराज की अध्यक्षता में आयोजित किया गया।

इस अवसर पर श्रीमहंत हरि गिरि महाराज ने कहा कि सर्वपितृ अमावस्या केवल पितरों का स्मरण नहीं, बल्कि संन्यास परंपरा के उन महापुरुषों के प्रति कृतज्ञता का पर्व है, जिन्होंने अपना जीवन तप, त्याग, धर्मरक्षा और राष्ट्रसेवा में समर्पित किया।

सिद्धपीठ श्री दूधेश्वरनाथ मठ के पीठाधीश्वर एवं जूना अखाड़ा के अंतरराष्ट्रीय प्रवक्ता श्रीमहंत नारायण गिरि महाराज ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड भारत की आध्यात्मिक आत्मा है। हमने मां गंगा से प्रदेश में सुख-शांति, सुरक्षा सहित आधुनिक विकास की प्रार्थना की है। हिमालय पीठाधीश्वर महामंडलेश्वर वीरेंद्र आनंद गिरि महाराज ने कहा कि गंगा तट पर किया गया यह तर्पण सनातन संस्कृति के संरक्षण का प्रतीक है।

कार्यक्रम में श्रीमहंत प्रेम गिरि, महेश पुरी, कंचन गिरि, शिवानंद सरस्वती, शैलेंद्र गिरि, पुजारी भास्कर पुरी, दिवाकर पुरी, दीपक गिरि सहित बड़ी संख्या में संत-महंत मौजूद रहे। सभी ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ जलांजलि, पुष्पांजलि और तर्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

संत समाज ने बदरीविशाल, केदारनाथ, मां गंगा-यमुना, धारी देवी, नंदा देवी से प्रदेश में सिक्स लेन हाईवे, चारधाम मार्ग सुदृढ़ीकरण, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन व रोजगार विस्तार की प्रार्थना की। अंत में गंगा आरती के साथ विश्व कल्याण की कामना की गई।

Leave a Reply