किसानों की आय बढ़ाने वाली गतिविधियों को बढ़ावा दें अधिकारी : उपायुक्त
खूंटी, 06 अक्टूबर । खूंटी समाहरणालय स्थित सभागार में उपायुक्त मो. जावेद हुसैन की अध्यक्षता में मंगलवार को कृषि एवं संबद्ध विभागों तथा झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसायटी (जेएसएलपीएस) की संयुक्त समीक्षा बैठक हुई। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति, आपसी समन्वय और किसानों को मिल रहे सरकारी लाभों की विस्तार से समीक्षा की गयी।
उपायुक्त ने कृषि, पशुपालन, मत्स्य, आत्मा, भूमि संरक्षण, सहकारिता, गव्य विकास और जेएसएलपीएस सहित अन्य विभागों को योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कर किसानों को जागरूक करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक किसानों तक पहुंचाने के लिए विभागों के बीच बेहतर समन्वय के साथ जमीनी स्तर पर प्रभावी काम करना जरूरी है।
उन्होंने किसानों को पारंपरिक खेती के साथ सेमियालता, जरबेरा और फूलों की खेती जैसी लाभकारी गतिविधियों के लिए प्रेरित करने को कहा। इसके अलावा फिश केज, तालाब बंदोबस्ती और विभिन्न प्रसंस्करण इकाइयों सहित आयवर्धक गतिविधियों के लिए प्रस्ताव तैयार कराने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने कहा कि कृषि आधारित गतिविधियों और प्रसंस्करण इकाइयों को बढ़ावा देकर किसानों की आय बढ़ाने के साथ उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जा सकता है।
बैठक में किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) और ग्राम संगठनों को सक्रिय करने पर भी जोर दिया गया। उपायुक्त ने किसानों को समय पर बीज और खाद उपलब्ध कराने तथा सभी प्रखंडों में अधिक से अधिक लैम्प्स केंद्रों का संचालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
भूमि संरक्षण विभाग की योजनाओं की समीक्षा के दौरान तालाबों के जीर्णोद्धार को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। वहीं, सहकारिता विभाग को 500 मीट्रिक टन क्षमता वाले गोदामों और लैम्प्स केंद्रों का बेहतर संचालन सुनिश्चित करने को कहा गया।
बैठक में विभिन्न विभागों की अन्य योजनाओं और कार्यों की भी समीक्षा की गयी तथा अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। मौके पर उप विकास आयुक्त प्रवीण कुमार प्रकाश सहित कृषि, आत्मा, भूमि संरक्षण, सहकारिता, मत्स्य, गव्य विकास, पशुपालन और जेएसएलपीएस के पदाधिकारी उपस्थित थे।———
