News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

News Chetna
Rajasthan

बीकानेर में कांग्रेस की प्रेस वार्ता, मुख्य निर्वाचन आयुक्त को हटाने और गिरफ्तारी की मांग

बीकानेर, 06 अक्टूबर । राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर चल रहे ‘लोकतंत्र बचाओ सप्ताह’ और ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान के तहत मंगलवार को जिला कांग्रेस कमेटी बीकानेर ने संयुक्त प्रेस वार्ता की। कांग्रेस नेताओं ने भारत निर्वाचन आयोग के कथित संस्थागत कब्जे का आरोप लगाते हुए मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने, उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज करने और गिरफ्तारी की मांग की।

कांग्रेस शहर अध्यक्ष मदन गोपाल मेघवाल और देहात अध्यक्ष बिश्नाराम सियाग ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस के निर्देश पर जिले में अभियान को व्यापक स्तर पर चलाया जाएगा। इंडिया गठबंधन के घटक दलों के साथ संयुक्त बैठकें, प्रेस वार्ताएं, जनजागरण कार्यक्रम और ‘वोट बचाओ-देश बचाओ मार्च’ आयोजित किए जाएंगे। ब्लॉक स्तर पर कार्यकर्ताओं और सहयोगी दलों के साथ बैठकें कर आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की जाएगी।

सियाग ने कहा कि चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता और पारदर्शिता लोकतंत्र के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि चुनाव कराने वाली संस्था की निष्पक्षता पर सवाल उठना गंभीर चिंता का विषय है और कांग्रेस लोकतंत्र तथा संविधान के साथ समझौता स्वीकार नहीं करेगी।

मेघवाल ने कहा कि प्रत्येक नागरिक का वोट समान महत्व रखता है। उनके अनुसार मतदाता सूची, मतदान प्रक्रिया या चुनावी व्यवस्था में किसी भी तरह की गड़बड़ी की आशंका लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर विषय है।

मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के जिला सचिव बजरंग छिंपा ने कहा कि मतदाता सूची में पारदर्शिता और शुद्धता निष्पक्ष चुनाव की पहली शर्त है। उन्होंने आरोप लगाया कि योग्य मतदाताओं के नाम हटाए जाने या संदिग्ध तरीके से नाम जोड़े जाने की स्थिति में मतदाता के संवैधानिक अधिकार प्रभावित हो सकते हैं। कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया के जिला सचिव अविनाश व्यास ने कहा कि निर्वाचन आयोग लोकतांत्रिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण संवैधानिक स्तंभ है और उसकी निष्पक्षता को लेकर जनता का भरोसा कायम रहना जरूरी है।

जिला महासचिव (संगठन) प्रहलाद सिंह मार्शल ने बताया कि प्रेस वार्ता में प्रकोष्ठ अध्यक्ष आम्बाराम ईणखिया, करणीसिंह राजपुरोहित और माकपा के रमेश मितड़ भी मौजूद रहे।

Leave a Reply