मोबाइल दुकान में लूट की कोशिश, आरोपित गिरफ्तार
पूर्वी सिंहभूम, 05 अक्टूबर । उलीडीह थाना क्षेत्र के डिमना रोड स्थित एरिक्शन मोबाइल दुकान में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक ने चाकू के बल पर लूट की कोशिश करते हुए अपने बैग में बम होने का दावा कर दिया। युवक की धमकी से दुकान में मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गयी। हालांकि आसपास के दुकानदारों ने साहस दिखाते हुए उसे पकड़ लिया।
बताया गया कि युवक बैग लेकर मोबाइल दुकान में पहुंचा था। उसने चाकू निकालकर दुकानदार को डराया और बैग में बम होने की बात कहते हुए लूट की कोशिश की। युवक की हरकत देखकर आसपास के दुकानदार मौके पर जुट गये। इसके बाद उन्होंने घेराबंदी कर युवक को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी।
युवक को काबू में लेने के बाद उसके बैग की तलाशी ली गयी। तलाशी के दौरान बैग से कोई विस्फोटक नहीं मिला, बल्कि उसमें एक स्पीकर बरामद हुआ। पूछताछ में पता चला कि युवक मोबाइल के जरिये स्पीकर में रिंग बजा रहा था और इसी आवाज का इस्तेमाल लोगों को डराने के लिए कर रहा था। वह बैग में बम होने की बात कहकर दहशत पैदा करने की कोशिश कर रहा था।
घटना की सूचना मिलने के बाद उलीडीह पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि युवक की पहचान क्या है, वह कहां से आया था और मोबाइल दुकान में लूट की कोशिश के पीछे उसका वास्तविक मकसद क्या था। पुलिस मामले की जांच के साथ युवक के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की भी जानकारी जुटा रही है।
