News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

UP

‘नमो सेवा गाथा’ बदलाव महसूस करने वाले करोड़ों लोगों की कहानी : नन्दी

प्रयागराज, 02 अक्टूबर । नमो सेवा गाथा : अनकही कहानी’ केवल एक व्यक्ति की यात्रा नहीं, बल्कि उन करोड़ों लोगों की कहानी है, जिन्होंने पिछले 25 वर्षों में हुए बदलाव को अपने जीवन में महसूस किया है। नाट्य मंचन के माध्यम से एक कार्यकर्ता से देश के प्रधानमंत्री तक की यात्रा और इस दौरान देश में हुए विभिन्न परिवर्तनों को प्रस्तुत करने का प्रयास किया गया है।

यह बात शुक्रवार को सेवा संकल्प अभियान के तहत शुक्रवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री स्व. लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर जिला पंचायत सभागार में ‘नमो सेवा गाथा : अनकही कहानी’ पर आधारित नाट्य मंचन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बतौर मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी ने कहा।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने जीवन में गरीबी, चुनौतियों और अभाव को करीब से देखा है। उनके अनुसार, इसी अनुभव के आधार पर प्रधानमंत्री के रूप में समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के कल्याण को प्राथमिकता दी गई। उन्होंने कहा कि पिछले 25 वर्षों की जनसेवा और जनकल्याण की यात्रा को समझने के लिए उन परिवारों के जीवन में आए बदलाव को देखना होगा, जिन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ मिला है। उन्होंने जनधन, उज्ज्वला, आवास, आयुष्मान भारत, स्वच्छ भारत, जल जीवन मिशन और किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं के माध्यम से गरीब और सामान्य परिवारों के जीवन को आसान बनाने का प्रयास किया गया है।

नन्दी ने कहा कि देश की सुरक्षा, अर्थव्यवस्था, डिजिटल तकनीक, बुनियादी ढांचे और आत्मनिर्भरता जैसे क्षेत्रों में भी विभिन्न स्तरों पर काम हुआ है। उन्होंने कहा कि ‘नमो सेवा गाथा’ में गुजरात के भूकंप के बाद पुनर्निर्माण, देश की सुरक्षा से जुड़े फैसलों और कोरोना काल के दौरान भारत के प्रयासों सहित विभिन्न घटनाओं को नाट्य रूप में प्रस्तुत किया गया। उन्होंने कहा कि यह नाट्य मंचन पिछले 25 वर्षों की यात्रा को लोगों तक पहुंचाने का माध्यम है। इसमें देश के विकास और विभिन्न योजनाओं से जुड़े बदलावों को आम लोगों के अनुभवों के माध्यम से प्रस्तुत किया गया है।

इससे पूर्व भारतीय नाटक अकादमी के संस्कृत विभाग एवं संस्कृति विभाग के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने नाट्य मंचन देखने के साथ ही क्षेत्रीय अभिलेखागार, संस्कृति विभाग की ओर से लगाई गई महात्मा गांधी एवं राष्ट्रीय आंदोलन विषयक अभिलेख प्रदर्शनी का अवलोकन किया।

कार्यक्रम में भाजपा महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता, पूर्व महानगर अध्यक्ष शशि वार्ष्णेय, बाबूलाल भंवरा, दिलीप केसरवानी, अनिल केसरवानी झल्लर, दीप द्विवेदी, नीरज दीक्षित, सुमित वैश्य, रजत दुबे, कबीर जायसवाल सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। जिला विद्यालय निरीक्षक संतोष राय, नाट्य मंडली के निर्देशक तेजेन्द्र सिंह, छात्र-छात्राएं तथा अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन आभा माथुर ने किया।

Leave a Reply