जींद : एशियन गेम्स में गोल्ड जीतने के बाद गांव पहुंची पूजा हथवाला, हुआ भव्य स्वागत
जींद, 01 अक्टूबर । एशियन गेम्स में कबड्डी चैंपियनशिप में भारत के लिए गोल्ड मेडल जीत कर क्षेत्र का नाम रोशन करने वाली खिलाड़ी पूजा हथवाला के गुरूवार को गांव पहुंचने पर भव्य स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, खेल प्रेमियों और क्षेत्रवासियों ने पहुंच कर पूजा का फूलमालाओं से स्वागत किया और उसकी उपलब्धि पर खुशी जताई।
कार्यक्रम में मुख्यातिथि के रूप में पहुंचे मंत्री कृष्ण पंवार ने पूजा हथवाला को जीत की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पूजा हथवाला हिंदुस्तान की शान है। उसने अपने काबिल खेल का प्रदर्शन करते हुए देश को जीत दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उसकी उपलब्धि से न केवल परिवार और गांवए बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन हुआ है।
मंत्री कृष्ण पंवार ने कहा कि खिलाडिय़ों की मेहनत और लगन देश के युवाओं के लिए प्रेरणादायक है। हर नागरिक को विजेता टीम और देश के लिए पदक जीतने वाले खिलाडिय़ों का मान-सम्मान करना चाहिए। उन्होंने कहा कि खेलों में आगे बढऩे के लिए युवाओं को लगातार मेहनत करनी चाहिए और सरकार की ओर से खिलाडिय़ों को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न स्तरों पर सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। पूजा हथवाला के गांव पहुंचने पर ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला।
लोगों ने ढोल, नगाड़ों के साथ उसका स्वागत किया और उसे बधाई दी। इस दौरान पूजा ने भी अपने समर्थकों और ग्रामीणों का आभार जताया। ग्रामीणों ने कहा कि पूजा की सफलता से गांव की बेटियों और युवाओं को खेलों में आगे बढऩे की प्रेरणा मिलेगी। इस मौके पर नपा चेयरमैन डा. संजय जांगड़ा, जुलाना बारहा के प्रधान बसाऊ लाठर, पूर्व मंडल अध्यक्ष नीरज, राजबीर हथवाला आदि मौजूद रहे।