News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Himachal Pradesh

सुक्खू सरकार बैजनाथ विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए कर रही है हरसंभव प्रयास : अनुराग शर्मा

धर्मशाला, 01 अक्टूबर । प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के वाटरशेड विकास घटक 2.0 के तहत ग्राम पंचायत पंजाला में किसानों को वीरवार को आयोजित कार्यक्रम में कृषि उपकरण वितरित किए गए। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद अनुराग शर्मा ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की तथा 100 किसानों को ग्रास कटर एवं अन्य कृषि उपकरण वितरित किए।

इस अवसर पर राज्यसभा सांसद अनुराग शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा बैजनाथ विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की आवश्यकताओं और लोगों से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों को संबंधित स्तर पर उठाकर उनके समाधान के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा किसानों, युवाओं, महिलाओं तथा समाज के विभिन्न वर्गों के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं एवं कार्यक्रम कार्यान्वित किए जा रहे हैं। सरकार द्वारा प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के साथ-साथ किसानों को आधुनिक कृषि उपकरण उपलब्ध करवाने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है, जिससे कृषि कार्यों में सुविधा मिलने के साथ किसानों की कार्यक्षमता में वृद्धि हो सके।

वाटरशेड विकास घटक 2.0 के तहत किसानों को उपलब्ध करवाए जा रहे कृषि उपकरणों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास ग्रामीण क्षेत्रों में कृषि गतिविधियों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि किसानों को आधुनिक उपकरण उपलब्ध होने से कृषि एवं संबंधित कार्यों में समय और श्रम की बचत होगी तथा उनकी सुविधा में वृद्धि होगी।

राज्यसभा सांसद ने ग्राम पंचायत पंजाला में स्थानीय आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए गांव में रास्ते के निर्माण, पुलिया के निर्माण तथा खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए खेल मैदान के विकास हेतु 2- 2 लाख रुपये देने की घोषणा की।

Leave a Reply