शिवपुरी में ह्यूल नदी में कर्मचारी बहा,तलाश में जुटी एसडीआरएफ
ऋषिकेश, 09 सितंबर । मुनिकीरेती थाना क्षेत्र के शिवपुरी में बुधवार को ह्यूल नदी में स्नान के दौरान हिमालयन बंजी कंपनी का एक कर्मचारी तेज बहाव में बह गया। सूचना मिलने पर एसडीआरएफ की ढालवाला टीम ने मौके पर पहुंचकर सर्च अभियान शुरू किया, जो देर तक जारी रहा।
पुलिस के अनुसार, हिमालयन बंजी कंपनी में कार्यरत हरीश उनियाल (34),निवासी चौदह बीघा, ऋषिकेश और मूल निवासी चाका गजा,थाना नरेंद्रनगर, अपने साथी बलजीत सिंह रेखी (40), निवासी आलमबाग,लखनऊ के साथ अवकाश के दौरान शिवपुरी में चौकी के नीचे नदी में स्नान करने गए थे। इसी दौरान हरीश का अचानक संतुलन बिगड़ गया और वह नदी की तेज धारा में बह गया।
बलजीत ने घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ ढालवाला की टीम रेस्क्यू एवं सर्च उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची और नदी में तलाश शुरू की। लापता कर्मचारी की तलाश में एसडीआरएफ के साथ आपदा राहत दल, जल पुलिस और स्थानीय पुलिस की टीमें भी जुटी हैं। संयुक्त रूप से नदी के संभावित स्थानों पर सर्च अभियान चलाया जा रहा है।
—–