News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Jharkhand

सीडी रेशियो बढ़ाएं और जरूरतमंदों को ऋण उपलब्ध कराएं अधिकारी : उपायुक्त

खूंटी, 09 सितंबर । समाहरणालय सभागार में बुधवार को उपायुक्त मो. जावेद हुसैन की अध्यक्षता में जिला स्तरीय पुनरीक्षण समिति (डीएलआरसी) एवं जिला स्तरीय परामर्शदात्री समिति (डीएलसीसी) की बैठक हुई। इसमें जून 2026 तिमाही के दौरान जिले में संचालित विभिन्न बैंकिंग और ऋण योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।

बैठक में सीडी रेशियो, किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी), प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, गैर-निष्पादित परिसंपत्ति (एनपीए), एमएसएमई और स्वयं सहायता समूहों के क्रेडिट लिंकेज समेत विभिन्न योजनाओं की स्थिति पर चर्चा हुई।

उपायुक्त ने सभी बैंकों को सीडी रेशियो में सुधार करने तथा पात्र और जरूरतमंद लाभुकों को समयबद्ध तरीके से ऋण उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने किसान क्रेडिट कार्ड, कृषि ऋण, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना और महिला स्वयं सहायता समूहों के क्रेडिट लिंकेज पर विशेष ध्यान देने को कहा।

उपायुक्त ने जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक (एलडीएम) को प्रत्येक तिमाही में लोन मेला आयोजित कराने का निर्देश दिया। वहीं, झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (जेएसएलपीएस) को क्रेडिट लिंकेज और मुद्रा ऋण के लिए अधिक से अधिक नए आवेदन तैयार कराने तथा निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप महिला स्वयं सहायता समूहों को ऋण उपलब्ध कराने को कहा।

उपायुक्त ने सहकारिता, नाबार्ड, कृषि, जेएसएलपीएस, उद्योग विभाग और बैंकों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को किसानों, स्वयं सहायता समूहों और अन्य पात्र लाभुकों को बैंकिंग सुविधाओं एवं सरकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने तथा उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने का निर्देश दिया।

बैठक में भारतीय रिजर्व बैंक के एजीएम, एलडीएम, नाबार्ड के डीडीएम, जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक, आरसेटी प्रबंधक, जिला कृषि पदाधिकारी, जेएसएलपीएस के प्रतिनिधि समेत विभिन्न बैंकों के प्रबंधक और प्रतिनिधि मौजूद रहे।

उपायुक्त ने सभी बैंकों से प्रदर्शन में सुधार करते हुए निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने को कहा।———–

Leave a Reply